चेन्नई। साउथ सिनेमा की अभिनेत्री श्रीलीला की लोकप्रियता का नजारा 20 नवंबर को चेन्नई में देखने को मिला। अपनी फिल्म ‘ओम’ का फर्स्ट डे फर्स्ट शो देखने पहुंचीं अभिनेत्री को थिएटर के बाहर प्रशंसकों की भारी भीड़ ने घेर लिया। देखते ही देखते वहां अफरा-तफरी जैसी स्थिति बन गई। श्रीलीला को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए सुरक्षा कर्मियों को काफी मेहनत करनी पड़ी। इस घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। श्रीलीला चेन्नई के कमला सिनेमाज में अपनी फिल्म का पहला शो देखने पहुंची थीं। थिएटर में अभिनेत्री को देखकर दर्शक काफी उत्साहित हो गए। स्क्रीनिंग के दौरान उन्होंने प्रशंसकों का अभिवादन किया और उनके साथ समय भी बिताया। लेकिन फिल्म खत्म होने के बाद जैसे ही वह थिएटर से बाहर निकलीं, उन्हें देखने और उनके साथ तस्वीरें खिंचवाने के लिए लोगों की भीड़ जमा हो गई। कई प्रशंसक सेल्फी लेने की कोशिश करते दिखाई दिए।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में श्रीलीला चारों ओर से प्रशंसकों से घिरी नजर आ रही हैं। भीड़ के बीच उनके लिए आगे बढ़ना मुश्किल हो गया था। स्थिति को संभालने के लिए सुरक्षा कर्मियों ने मोर्चा संभाला और लोगों को पीछे हटाते हुए रास्ता बनाया। काफी प्रयासों के बाद अभिनेत्री को सुरक्षित उनकी कार तक पहुंचाया गया। अपनी फिल्म को दर्शकों के साथ देखने के अनुभव पर श्रीलीला ने खुशी जाहिर की। मीडिया से बातचीत में उन्होंने इसे बेहद खूबसूरत अनुभव बताया और दर्शकों के प्यार के लिए आभार जताया। उन्होंने लोगों से फिल्म देखने की अपील करते हुए कहा कि कलाकारों ने अपने-अपने किरदारों को पूरी मेहनत से निभाया है। चूंकि यह उनकी खुद की फिल्म है, इसलिए वह इसके बारे में ज्यादा कुछ नहीं कहना चाहतीं और चाहती हैं कि दर्शक फिल्म देखकर अपनी राय दें।
फिल्म ‘ओम’ में श्रीलीला के साथ धनुष, साई पल्लवी, ममूटी और नसीरुद्दीन शाह जैसे चर्चित कलाकार नजर आ रहे हैं। 20 नवंबर को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज हुई इस फिल्म को लेकर पहले से ही दर्शकों में उत्सुकता थी। रिलीज के दिन श्रीलीला का थिएटर पहुंचना और उनके आसपास उमड़ी भीड़ अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है।
