बिग बॉस 20 में खाने के पैकेट को लेकर बवाल, यंग और लव गिल के बीच हुई तीखी बहस

Follow Us

मुंबई। रियलिटी शो ‘बिग बॉस 20’ में इन दिनों प्रतिभागियों के बीच विवाद और मनोरंजन का सिलसिला जारी है। घर में छोटी-छोटी बातों पर बहस हो रही है, तो वहीं कुछ सदस्य अपने मजाकिया अंदाज से माहौल को हल्का कर रहे हैं। शो का नया प्रोमो सामने आया है, जिसमें खाने का पैकेट छिपाने को लेकर घरवालों के बीच चोरी का मामला उठता दिखाई दे रहा है। इसी बात पर यंग डीएसए और लव गिल के बीच तीखी बहस हो गई।

प्रोमो में उदिति के हाथ में मटर का एक पैकेट दिखाई देता है, जिसे किसी ने छिपा दिया था। इस पर यंग डीएसए ने तंज कसते हुए कहा कि कोई भिखारी होगा, जिसने इसे छिपाया होगा। वहीं अरिश्फा ने भी इस पर प्रतिक्रिया दी। काजी तौकीर ने कहा कि आटा-चावल जैसी चीजें छिपाने वाला घटिया इंसान है। बाद में पता चलता है कि मटर का पैकेट लव गिल ने छिपाया था। लव ने कहा कि वे अंडे नहीं खाते। इस पर यंग ने उन पर टिप्पणी कर दी, जिसके बाद लव भड़क गईं और दोनों के बीच बहस शुरू हो गई।

देखते ही देखते दोनों के बीच कहासुनी बढ़ गई और उन्होंने एक-दूसरे पर तीखे शब्दों से हमला किया। यंग ने लव को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की और खाने की चोरी करने का आरोप लगाया। इस दौरान घर का माहौल काफी तनावपूर्ण हो गया। प्रोमो में दोनों के बीच हुई बहस ने दर्शकों की उत्सुकता बढ़ा दी है।

दूसरी ओर शो का एक और प्रोमो मनोरंजन से भरपूर नजर आ रहा है। स्काउट ने अपना सिर मुंडवा लिया है, जिसके बाद घर के सदस्य गुल्लू को भी गंजा होने के लिए मजाक में कह रहे हैं। इसी बीच काजी तौकीर और स्काउट की बातचीत देखने को मिलती है। काजी अपने खास अंदाज में घर के दूसरे सदस्यों की खिल्ली उड़ाते और उन्हें रोस्ट करते नजर आते हैं। उनके मजाकिया अंदाज पर दर्शक भी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स उन्हें रॉकस्टार बता रहे हैं, तो कुछ उनके ह्यूमर की तारीफ कर रहे हैं।