लाल- पाल- बाल का बढ़ता बाजार- विजय मिश्रा 

Follow Us

स्वतंत्रता संग्राम का इतिहास लाल-बाल और पाल शब्दों के माध्यम से देश के तीन महान विभूतियों, स्वतंत्रता सेनानियों की याद दिलाता है। जिनके त्याग और बलिदान से भारत देश और भारतवासियों को फिरंगियों की गुलामी से आजादी मिली थी। आजादी के बाद मिली सुख-सुविधाओं के भोज में डूबते-डूबते भोग विलासियों ने महान विभूतियों को भुला दिया। देश की सुंदरता के बजाय स्वसुंदरता पर अपना सर्वस्व न्योछावर करना प्रारंभ कर दिया है। ऐसे ही लोगों को फटकारते हुए भारत के मानचित्र पर एक पुरानी कहावत पुरजोर अंकित हो गई है- ‘अंधे को जब आंख मिल जाती है तो वह सबसे पहले उसी लाठी को दूर फेंक देता है जिसके दम पर नेत्र ज्योति हीनता की स्थिति में वह बिना ठोकर खाए चल पाता था।’ ऐसे ही मतलबियों की दुनिया का दायरा दिन-ब-दिन बढ़ता ही जा रहा है। लोगों ने लाल- बाल- पाल के असल कमाल को भुलाकर माल बटोरने, खाल चमकाने का चाल चालू कर दिया है। बाजार और व्यापार की दुनिया ने चेहरे को चमकाने, त्वचा की लालिमा को बढ़ाने ‘लाल’ शब्द को जरिया बना लिया है। लाल साड़ी ,लाल चूड़ी,लाल बिंदी का बाजार लाल मालामाल होता जा रहा है। ऐसे ही मालामाल होते व्यवसायियों, चिकित्सकों और ब्यूटी पार्लर संचालकों ने ‘बाल’ को व्यापार का बड़ा माध्यम बना लिया है। बाल उगाने, सजाने, रंगने और काटने का करोड़ों रुपयों का व्यापार चल रहा है। बाल झड़ने और गंजेपन की चिंता में डूबे लोगों को उबारने के लिए हेयर केयर पार्लर का जन्म हुआ है। शैंपू, सीरम, तेल, विग, हेयर ग्रोथ किट जैसे ना जाने कितने किस्म के फर्जी रामबाण औषधि बाजार में आ गए हैं। मौका देखकर चौका मारने में माहिर चतुर चिकित्सकों द्वारा भी हेयर ट्रांसप्लांट, हेयर ट्रीटमेंट के नाम पर न्यू टेक्नोलॉजी बेस्ड हाई-फाई हेयर केयर सेंटर खोल लिया गया है। मजे की बात देखने में आती है कि दूसरों के हेयर का केयर करने वाले अनेक लोग खुद ही गंजे होते हैं। गंजेपन से बचने के लिए दवाईयां बेचते हैं। करोड़ों का व्यापार कर रहे हैं। सांझ ढले गल्ले में भरे कड़कते नोट, खनकते सिक्कों पर नजर डालने के बाद अपने चमचमाते हुए गंजे सर पर हाथ फेरते -फेरते कहते हैं कि गंजे लोग धनवान होते हैं। इससे यह बात भी उजागर होती है कि दुनिया में जब तक मूढ़-मूर्खों की बिरादरी रहेगी तब तक चतुर झांसेबाजों का पेट भरा रहेगा। तिजोरी भरी रहेगी। लाल -बाल जैसे ही ‘पाल’ शब्द का बोल बाला बाजार में बढ़ चला है। गर्भ धारण,शिशु अवतरण की क्षमता का एकाधिकार प्रकृति ने केवल महिलाओं को दी है। इस क्षमता पर फक्र करने के बजाय बच्चा जनने- पालने की चाहत महिलाओं में कम होती जा रही है। इसीलिए जगह जगह ‘शिशु पाल केंद्र’ खुल गए हैं। ऐसे केंद्रों में पलने वाले बच्चों का अपने परिजनों के प्रति भावनात्मक लगाव होगा क्या? वे संस्कारी होंगे क्या? आज के फन की तरह खड़ा एक बड़ा सवाल है। मनोवैज्ञानिक के निष्कर्ष से यह बात सामने आई है कि शिशु पाल केंद्र में पलते बच्चे ‘राक्षस शिशुपाल’ बनकर अपने ही माता-पिता के लिए जीव का काल बन रहे हैं। दूसरी ओर अपने बच्चों के पालन पोषण के लिए ‘शिशु पाल’ केंद्र में लगी आत्मा बाई हजारों रुपए कमा रही है। शिशु पाल, गाल लाल, घने बाल के व्यवसाय ने विज्ञापन एजेंसियों और विज्ञापन डिजाइन कर्ताओं की खाल को भी मोटा होने का भरपूर अवसर दे दिया है। भारतीय विज्ञापन मानक परिषद द्वारा की गई समीक्षा में ज्यादातर विज्ञापन आपत्तिजनक पाए गए हैं। इसके बावजूद दिन-ब-दिन खूबसूरत दिखने की चाह में लोग अंधभक्तों की तरह अंधी दौड़ में बढ़-चढ़ कर हिस्सा ले रहे हैं। दिमाग से दिवालिए होते ऐसे लोग जाय पालज को पिछड़ापन, कुत्ते पालन को उच्च सभ्यता का मापदंड मान रहे हैं। इसीलिए कहना पड़ रहा है-हे ईश्वर इन्हें क्षमा करना। सद्बुद्धि देना। इन्हें मालूम ही नहीं है कि ए क्या कर रहे हैं। इन्हें बता दे कि जिस दिन ए लाल-बाल-पाल का असली अर्थ समझ जाएंगे, उस दिन दुनिया के सबसे खूबसूरत इंसान ए हो जाएंगे