बिहार में पुल से नदी में गिरी स्कॉर्पियो, 6 लोगों की मौत; ग्रामीणों ने एक युवक को बचाया

Follow Us

अररिया। बिहार के अररिया जिले में गुरुवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तिलक समारोह से लौट रही स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर पुल से नीचे मरिया नदी में गिर गई। हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक को स्थानीय ग्रामीणों ने सुरक्षित बचा लिया। दुर्घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हादसा ताराबाड़ी थाना क्षेत्र के बीड़ी पुल पर हुआ। स्कॉर्पियो में सवार सभी लोग सुपौल जिले के पिपरा थाना क्षेत्र के थुमहा गांव के रहने वाले थे। वे अररिया के सिकटी प्रखंड स्थित भपटिया गांव में तिलक समारोह में शामिल होकर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान बीड़ी पुल के तीखे मोड़ पर चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। स्कॉर्पियो पुल की रेलिंग पार करते हुए सीधे नदी में जा गिरी।

ग्रामीणों ने शुरू किया बचाव अभियान
वाहन नदी में गिरने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद एक युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि अन्य 6 लोगों की जान नहीं बचाई जा सकी। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से स्कॉर्पियो में फंसे शवों को बाहर निकालकर अररिया सदर अस्पताल भेजा गया।

15 से 28 साल के थे मृतक
हादसे में जान गंवाने वाले सभी छह लोगों की उम्र करीब 15 से 28 वर्ष के बीच बताई जा रही है। मृतकों में स्कॉर्पियो चालक भी शामिल है। सदर अस्पताल के डॉक्टरों और मुख्यालय डीएसपी ने छह लोगों की मौत की पुष्टि की है। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। थुमहा गांव में एक साथ कई लोगों की मौत से मातम छा गया।

पुलिस कर रही हादसे की जांच
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पुल के तीखे मोड़ पर स्कॉर्पियो अनियंत्रित होने के कारण नदी में गिर गई। पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच कर रही है। दुर्घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।