संस्थागत प्रसव में नारायणपुर जिले ने हासिल किया 109 प्रतिशत लक्ष्य, सात महीने में 1,951 सुरक्षित प्रसव

Follow Us

रायपुर। दुर्गम और वनांचल क्षेत्र अबूझमाड़ में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में नारायणपुर जिले ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की स्वास्थ्यांक रिपोर्ट (अप्रैल-सितंबर 2026) में जिला राज्य की शीर्ष अचीवर्स श्रेणी में शामिल हुआ है। वित्तीय वर्ष 2026-27 में अप्रैल से अक्टूबर तक सात महीनों के दौरान जिले को 1,786 संस्थागत प्रसव का लक्ष्य दिया गया था, जिसके विरुद्ध 1,951 सुरक्षित प्रसव कराए गए। यह निर्धारित लक्ष्य का 109.26 प्रतिशत है। पूरे वित्तीय वर्ष के 3,061 प्रसव के लक्ष्य का 63.74 प्रतिशत भी इन सात महीनों में पूरा कर लिया गया है।

कलेक्टर नम्रता जैन के मार्गदर्शन, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के नेतृत्व और राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के प्रभावी क्रियान्वयन से जिले ने यह उपलब्धि हासिल की है। कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और दूरस्थ वनांचलों के बावजूद स्वास्थ्य विभाग के मैदानी अमले ने गर्भवती महिलाओं तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के लिए विशेष प्रयास किए।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जिले की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि अबूझमाड़ जैसे दुर्गम और वनाच्छादित क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार हर्ष का विषय है। सरकार का लक्ष्य राज्य के अंतिम छोर पर रहने वाले प्रत्येक व्यक्ति और गर्भवती महिला तक बेहतर एवं सुरक्षित स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना है। उन्होंने कलेक्टर, स्वास्थ्य विभाग, मितानिनों और मैदानी अमले के प्रयासों की सराहना की।

अबूझमाड़ के दूरस्थ गांवों तक पहुंचीं स्वास्थ्य सुविधाएं
नारायणपुर जिले में संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने जागरूकता अभियान, बेहतर रेफरल परिवहन और नियमित मॉनिटरिंग पर विशेष ध्यान दिया। मितानिनों, ग्रामीण स्वास्थ्य अधिकारियों और सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों ने गांव-गांव जाकर गर्भवती महिलाओं को अस्पतालों में सुरक्षित प्रसव के लिए प्रेरित किया।

सरेंडर नक्सली परिवार की बेटी का पुलिस में भर्ती होने का सपना होगा साकार, कोड़ेकुर्सी पुलिस ने की मदद*

जिले के नारायणपुर विकासखंड में 1,618 और दुर्गम अबूझमाड़ क्षेत्र के ओरछा विकासखंड में 333 संस्थागत प्रसव दर्ज किए गए।

जिला अस्पताल में सबसे अधिक 710 प्रसव
स्वास्थ्य संस्थाओं के आंकड़ों के अनुसार नारायणपुर जिला अस्पताल में सर्वाधिक 710 प्रसव कराए गए। इनमें अकेले अक्टूबर माह में 125 सुरक्षित प्रसव शामिल हैं। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ओरछा में 147 और छोटे डोंगर में 105 सहित कुल 252 प्रसव हुए। इसी तरह प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र धौड़ाई में 148 और बेनूर में 84 सहित कुल 324 प्रसव दर्ज किए गए। ग्रामीण क्षेत्रों के उप स्वास्थ्य केंद्रों में 403 प्रसव कराए गए। इनमें अबूझमाड़ के दूरस्थ केंद्र आकाबेड़ा में 24, नेडनार में 20 और इहनार में 20 प्रसव शामिल हैं।

निजी एवं स्वयंसेवी संस्थाओं में असीसी शांति अस्पताल में 169 और रामकृष्ण मिशन में 93 प्रसव हुए। इन दोनों संस्थानों में कुल 262 प्रसव दर्ज किए गए।

मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने पर जोर
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी तथा जिला कार्यक्रम प्रबंधक ने इस उपलब्धि के लिए स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों, मितानिनों, मैदानी अमले और राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक गर्भवती महिला को सुरक्षित, सम्मानजनक और नि:शुल्क स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

नकली सोने को असली बताकर ₹20,000 रकम की ठगी करने वाले 02 शातिर आरोपी गिरफ्तार

स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने भी नारायणपुर जिले की उपलब्धि पर प्रसन्नता जताते हुए कहा कि दुर्गम वनांचलों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढऩा गर्व का विषय है। मितानिनों, ग्रामीण स्वास्थ्य अधिकारियों और चिकित्सकों के प्रयासों से महिलाएं जागरूक होकर अस्पतालों में प्रसव करा रही हैं। यह उपलब्धि मातृ एवं शिशु मृत्यु दर कम करने के अभियान में महत्वपूर्ण साबित होगी।