लाखों रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण सहित नगदी रकम चोरी, आरोपी रसोईया गिरफ्तार, सीसीटीवी फुटेज से खुला राज,

Follow Us

चोरी का माल खरीदने वाला ज्वेलर भी पकड़ाया

रायपुर। प्रार्थी के घर में खाना बनाने वाला रसोईया ही चोर निकला। मौका पाकर समय-समय पर घर की अलमारी से आभूषण व नगदी रकम की चोरी करने वाले आरोपी रसोईया बबलू मिश्रा को एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा थाना खम्हारडीह पुलिस की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार किया है। चोरी के आभूषणों को खरीदने वाले ज्वेलर संतोष सोनी को भी धारा 317(2) बीएनएस के तहत गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी के सोने एवं चांदी के जेवरात जुमला कीमती लगभग 3,15,000 रुपये जब्त किए गए हैं।

प्रार्थी पदमेश दुबे निवासी भावना नगर, खम्हारडीह, रायपुर ने थाना खम्हारडीह में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसके घर की अलमारी के लॉकर से विगत 2-3 माह से सोने-चांदी के आभूषण, सिक्के एवं नगदी रकम चोरी हो रही थी। संदेह होने पर घर में सीसीटीवी कैमरे लगवाए गए। 15 नवंबर को परिवार के सदस्यों की अनुपस्थिति में घर में काम करने वाला कुक बबलू मिश्रा लॉकर से जेवरात एवं नगदी चोरी करते हुए सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दिया। आरोपी लगभग 15 लाख कीमत के सोने-चांदी के आभूषण, सिक्के एवं नगदी चोरी कर ले गया था। प्रार्थी की रिपोर्ट पर आरोपी के विरुद्ध थाना खम्हारडीह में अपराध क्रमांक 464/26 धारा 306 बीएनएस का अपराध पंजीबद्ध किया गया।

घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला तथा पुलिस उपायुक्त (उत्तर क्षेत्र) दीपमाला कश्यप द्वारा अधीनस्थ अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को आरोपी की शीघ्र पहचान कर गिरफ्तार करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा थाना खम्हारडीह पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा घटना के संबंध में प्रार्थी से विस्तृत पूछताछ करने के साथ ही आरोपी के संबंध में भी पूछताछ किया गया।

टीम के सदस्यों द्वारा आरोपी की पतासाजी करते हुए पकड़कर पूछताछ करने पर आरोपी द्वारा चोरी की उक्त घटना को अंजाम देना स्वीकार करना बताया गया। आरोपी द्वारा चोरी के कुछ आभूषणों को कुशालपुर पुरानी बस्ती निवासी संतोष सोनी को बिक्री करना तथा कुछ को मणप्पुरम गोल्ड लोन में गिरवी रखना बताया गया। जिस पर संतोष सोनी की पतासाजी कर उसे भी पकड़ा गया। तथा मणप्पुरम गोल्ड लोन में गिरवी रखी गई चोरी के आभूषण के संबंध में जानकारी प्राप्त कर अग्रिम कार्यवाही की जा रही है।

ग्राम अर्जुनी में जुआ खेलने वाले 11 जुआरी रंगे हाथों गिरफ्तार

आरोपी बबलू मिश्रा एवं संतोष सोनी को गिरफ्तार कर कब्जे से चोरी के सोने एवं चांदी के जेवरात जुमला कीमती लगभग 3,15,000 रुपये जब्त कर आरोपियों के विरुद्ध कार्यवाही कर प्रकरण में धारा 317(2), 3(5) बीएनएस जोड़ी गई है।

गिरफ्तार आरोपी –

01. बबलू मिश्रा पिता स्व. बैजनाथ मिश्रा उम्र 47 साल निवासी ग्राम सिरसा गंगेव ब्लॉक थाना मानिगमा जिला रीवा (म.प्र.)। हाल पता मकान नम्बर 48 ब्लॉक नं 03 हाउसिंग बोर्ड कालोनी भावना नगर थाना खम्हारडीह रायपुर।

02. संतोष सोनी पिता स्व. खिल्लूराम सोनी उम्र 51 साल निवासी डॉ. बजाज के सामने सोनकर बाड़ी पहाड़ी तालाब कुशालपुर थाना पुरानी बस्ती रायपुर।