छत्तीसगढ़ में 68 हजार मीट्रिक टन धान गायब होने का आरोप, दीपक बैज ने सरकार पर उठाए सवाल

Follow Us

रायपुर। छत्तीसगढ़ में धान खरीदी और कस्टम मिलिंग को लेकर कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने दावा किया है कि पिछले खरीफ सीजन में सरकारी रिकॉर्ड के अनुसार संग्रहण केंद्रों से 68 हजार मीट्रिक टन धान गायब है। वहीं, मिलिंग के लिए भेजे गए चावल का बड़ा हिस्सा अब तक भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) या सरकार के पास जमा नहीं हुआ है। उन्होंने इसे हजारों करोड़ रुपये का धान घोटाला बताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की है।

बुधवार को जारी बयान में दीपक बैज ने कहा कि सरकारी आंकड़ों में धान की कमी सामने आना खाद्यान्न प्रबंधन में गंभीर अनियमितताओं की ओर इशारा करता है। उन्होंने विशेष रूप से कांकेर जिले में 13,436 मीट्रिक टन और कवर्धा में 4,825 मीट्रिक टन धान की कमी का दावा किया। बैज ने सवाल उठाया कि जब सरकारी रिकॉर्ड में इतनी बड़ी मात्रा में धान की कमी दर्ज है, तो जिम्मेदार अधिकारियों और राइस मिलर्स के खिलाफ अब तक आपराधिक मामले क्यों दर्ज नहीं किए गए?

एनसीसी युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम : ओ.पी. चौधरी

मिलिंग के चावल जमा नहीं होने पर भी सवाल
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि कस्टम मिलिंग के लिए राइस मिलर्स को भेजे गए चावल का समय पर जमा नहीं होना और संग्रहण केंद्रों में धान का स्टॉक कम मिलना प्रशासनिक लापरवाही या मिलीभगत का संकेत है। उन्होंने कहा कि इससे किसानों के हित प्रभावित हो रहे हैं और नई धान खरीदी व्यवस्था पर भी दबाव पड़ सकता है।

बैज ने दावा किया कि पिछली कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में धान खरीदी, मिलिंग और भंडारण की प्रक्रिया पारदर्शी थी तथा धान के एक-एक दाने का हिसाब रखा जाता था। उन्होंने मौजूदा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार को खाद्यान्न प्रबंधन में सामने आ रही गड़बडिय़ों का जवाब देना चाहिए।

खाद्य मंत्री और अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग
दीपक बैज ने सरकार से पूछा कि कांकेर और कवर्धा में धान की कमी के लिए जिम्मेदार अधिकारियों और संबंधित राइस मिलर्स पर कार्रवाई क्यों नहीं हुई? उन्होंने मामले में जांच के साथ धान की रिकवरी और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की। साथ ही खाद्य मंत्री और संबंधित विभाग के अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की बात कही।

एनसीसी युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम : ओ.पी. चौधरी

कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि सरकार वास्तविक जिम्मेदारों को बचाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि किसानों के धान और कस्टम मिलिंग के चावल से जुड़ी कथित अनियमितताओं पर कांग्रेस चुप नहीं बैठेगी। हालांकि, धान की कमी और चावल जमा नहीं होने को लेकर कांग्रेस की ओर से लगाए गए आरोपों पर सरकार या संबंधित विभाग का आधिकारिक पक्ष इस बयान में सामने नहीं आया है।