०लंबे समय से की जा रही थी मांग, कोहरे और रात के अंधेरे में वाहन चालकों को मिलेगी सहूलियत, दुर्घटनाओं में कमी आने की उम्मीद
रामानुजगंज। नगर की सड़कों पर यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और सड़क दुर्घटनाओं की आशंका कम करने की दिशा में लोक निर्माण विभाग द्वारा पहल की गई है। लोक निर्माण विभाग के एसडीओ एसके मिश्रा की पहल पर रामानुजगंज शहर के भीतर विभाग के अंतर्गत आने वाली सड़कों पर रोड मार्किंग का कार्य कराया गया है।
उल्लेखनीय है कि शहर की सड़कों पर रोड मार्किंग कराने की मांग लंबे समय से की जा रही थी। रोड मार्किंग नहीं होने के कारण विशेषकर रात के अंधेरे और कोहरे के दौरान वाहन चालकों को सड़क की सीमा और दिशा का स्पष्ट अंदाजा लगाने में परेशानी होती थी। अब सड़कों पर मार्किंग होने से वाहन चालकों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी।
सर्दियों के मौसम में सुबह और रात के समय कोहरा छाए रहने से सड़क पर दृश्यता कम हो जाती है। ऐसे में रोड मार्किंग वाहन चालकों को सड़क की दिशा और किनारों का अंदाजा लगाने में मददगार साबित होती है। इससे सड़क दुर्घटनाओं की आशंका कम करने में भी सहायता मिलेगी। रोड मार्किंग होने से जहां शहर की सड़कों की सुंदरता बढ़ी है, वहीं यातायात व्यवस्था को भी व्यवस्थित बनाने में मदद मिलेगी। नगरवासियों ने लंबे समय से उठाई जा रही इस मांग पर लोक निर्माण विभाग की पहल को उपयोगी बताया है।
०००
