14 साल से लंबित ग्रेड-पे की मांग को लेकर नर्सिंग संवर्ग का शुरू अनिश्चितकालीन आंदोलन

Follow Us

o केंद्र के समान वेतनमान, नर्सिंग एवं वाशिंग अलाउंस सहित विभिन्न मांगों को लेकर शासन को सौंपा ज्ञापन

कांकेर। छत्तीसगढ़ के चिकित्सा शिक्षा विभाग में कार्यरत नर्सिंग संवर्ग ने अपनी लंबित मांगों को लेकर बुधवार से अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू कर दिया है। नर्सिंग ऑफिसर्स एसोसिएशन छत्तीसगढ़ ने ग्रेड-पे वेतनमान, नर्सिंग अलाउंस सहित विभिन्न मांगों को लेकर शासन-प्रशासन को ज्ञापन सौंपते हुए शीघ्र निराकरण की मांग की है। एसोसिएशन का कहना है कि नर्सिंग कर्मचारी पिछले 14 वर्षों से केंद्र के अनुरूप वेतनमान का लाभ देने की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है।

एसोसिएशन की अध्यक्ष एवं कांकेर मेडिकल कॉलेज की नर्सिंग ऑफिसर प्रिया मरकाम ने बताया कि चिकित्सा शिक्षा विभाग के नर्सिंग संवर्ग को छोड़कर अन्य चिकित्सक एवं पैरामेडिकल संवर्ग को छठवें वेतन आयोग के अनुरूप केंद्रीय वेतनमान का लाभ मिल रहा है। वर्ष 2012 में भर्ती नियम जारी होने के बाद से ही नर्सिंग संवर्ग ग्रेड-पे की मांग कर रहा है।

सीओपीडी के लक्षणों को न करें नजरअंदाज, समय पर इलाज से रखें फेफड़ों को स्वस्थ

उन्होंने बताया कि वर्ष 2018 में नर्सिंग कर्मचारियों ने 18 दिनों तक आंदोलन किया था। इसके बाद शासन स्तर पर गठित समिति ने सितंबर 2018 में अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत की, लेकिन 30 जून 2021 को उस रिपोर्ट को अमान्य कर दिया गया। कोरोना महामारी के दौरान नर्सिंग कर्मचारियों ने अपनी जान जोखिम में डालकर मरीजों की सेवा की। इस दौरान कई कर्मचारियों ने संक्रमण के कारण जान भी गंवाई, लेकिन उनकी लंबित मांगों पर निर्णय नहीं हो सका। वर्ष 2023 में हुए आंदोलन के दौरान कई कर्मचारियों को निलंबित एवं बर्खास्त किए जाने की कार्रवाई भी हुई।

एसोसिएशन के अनुसार वर्ष 2025 में पुनः चरणबद्ध आंदोलन किया गया। स्वास्थ्य मंत्री के निर्देश पर 30 जनवरी 2026 को ग्रेड-पे वेतनमान का प्रस्ताव शासन को भेजा गया था। आंदोलन स्थगित होने के बाद इस प्रक्रिया में आगे कार्रवाई नहीं हुई। प्रस्ताव भेजे जाने के दस माह बाद भी आदेश जारी नहीं होने से कर्मचारियों में नाराजगी है।

8 हवाई अड्डों पर अदाणी का नया रिवार्ड कार्यक्रम लॉन्च

ये हैं प्रमुख मांगें:
नर्सिंग संवर्ग की प्रमुख मांगों में 30 जनवरी 2026 को तैयार ग्रेड-पे एवं वेतनमान संबंधी प्रस्ताव लागू करना, केंद्र के अनुरूप प्रतिमाह 7200 रुपये नर्सिंग अलाउंस और 1800 रुपये वाशिंग अलाउंस देना शामिल है। इसके अलावा स्टाफ नर्स का पदनाम बदलकर नर्सिंग ऑफिसर तथा नर्सिंग सिस्टर का पदनाम सीनियर नर्सिंग ऑफिसर करने, लंबित पदोन्नतियां वरिष्ठता के आधार पर करने, चिकित्सा शिक्षा विभाग में डायरेक्टर ऑफ नर्सिंग का पद सृजित करने तथा प्रत्येक मेडिकल कॉलेज में नर्सिंग सुपरिटेंडेंट और चीफ नर्सिंग सुपरिटेंडेंट के पद स्वीकृत करने की मांग की गई है। एसोसिएशन ने स्पष्ट किया है कि मांगों का शीघ्र निराकरण नहीं होने तक आंदोलन जारी रहेगा। संगठन ने आंदोलन के दौरान मरीजों को होने वाली असुविधा के लिए शासन-प्रशासन को जिम्मेदार ठहराया है।