रायपुर। गरियाबंद जिले के फिंगेश्वर थाना क्षेत्र में 22 किलो गांजा तस्करी के मामले में रायपुर की विशेष एनडीपीएस अदालत ने तीन आरोपियों को 20-20 साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई है। विशेष न्यायाधीश शैलेश शर्मा ने 17 नवंबर 2026 को फैसला सुनाते हुए प्रत्येक दोषी पर 2-2 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया। जुर्माना जमा नहीं करने पर उन्हें छह महीने का अतिरिक्त कठोर कारावास भुगतना होगा।
अदालत में पेश मामले के अनुसार, 9 जनवरी 2025 को शाम करीब 5:40 बजे पुलिस ने ग्राम सोरिद मोड़ स्थित जोगी डबरी मेन रोड पर एक चारपहिया वाहन को रोककर तलाशी ली थी। वाहन में चार लोग मौजूद थे। पूछताछ में उनकी पहचान संतोष सुना, बिसेसर सिंह, पलाश उर्फ बंटी पाटिल और अनिकेत शिंदे के रूप में हुई। तलाशी के दौरान चार अलग-अलग बोरियों से कुल 22 किलो गांजा बरामद किया गया था।
फैसले में दर्ज विवरण के मुताबिक, संतोष सुना के पास से 6 किलो, बिसेसर सिंह के पास से 5 किलो, पलाश उर्फ बंटी पाटिल के पास से 6 किलो और अनिकेत शिंदे के पास से 5 किलो गांजा मिला था। पुलिस ने गांजे के साथ वाहन और मोबाइल फोन भी जब्त किए थे। इस मामले में फिंगेश्वर थाने में अपराध क्रमांक 12/2025 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(ii)(सी) में प्रकरण दर्ज किया गया था। मामले के चार आरोपियों में से बिसेसर सिंह की मौत हो चुकी है।
सुनवाई के बाद अदालत ने संतोष सुना (30), अनिकेत शिंदे (27) और पलाश उर्फ बंटी पाटिल (24) को दोषी करार दिया। संतोष सुना ओडिशा के बलांगीर जिले का निवासी है, जबकि अनिकेत और पलाश महाराष्ट्र के रहने वाले हैं। अदालत ने तीनों को 20-20 साल के कठोर कारावास और 2-2 लाख रुपये के अर्थदंड से दंडित किया है। साथ ही सजा वारंट जारी कर उन्हें केंद्रीय जेल रायपुर भेजने का आदेश दिया। आरोपियों द्वारा 10 जनवरी 2025 से 17 नवंबर 2026 तक न्यायिक हिरासत में बिताई गई अवधि को उनकी सजा में शामिल करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
