करोड़ों की ठगी का आरोपी दीपक टंडन कोर्ट में पेश, तीन दिन का मिला रिमांड

Follow Us

रायपुर। छत्तीसगढ़ में करीब 1 करोड़ 27 लाख रुपये की कथित ठगी, ब्लैकमेलिंग और धमकी के मामलों में आरोपी होटल कारोबारी दीपक टंडन को रायपुर पुलिस ने कोर्ट में पेश किया। पेशी के दौरान कोर्ट परिसर में भारी पुलिस बल तैनात रहा। इस बीच दीपक टंडन हथकड़ी पहने हंसता नजर आया और उसने मीडिया के सामने थम्स-अप का इशारा भी किया। कोर्ट ने 3 दिनों की रिमांड पर दीपक टंडन को कमिश्नरेट पुलिस को सौंप दिया है।

दीपक टंडन के खिलाफ हाल ही में दर्ज आठवीं एफआईआर में एसईसीएल कोरबा में सिक्योरिटी गार्ड की तैनाती और कोल ट्रांसपोर्टिंग का ठेका दिलाने के नाम पर 56 लाख रुपये लेने का आरोप है। शिकायतकर्ताओं के मुताबिक, उनसे क्रमशः 25 लाख और 31 लाख रुपये लिए गए थे। ठेका नहीं मिलने पर रकम वापस मांगी गई तो कथित तौर पर टालमटोल की गई। भुगतान के लिए दिए गए चेक भी बाउंस हो गए।दीपक टंडन और उसकी पत्नी के खिलाफ अलग-अलग मामलों में रायपुर, बिलासपुर, सक्ती और कोरबा में शिकायतें और FIR दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस इन मामलों में ठगी, धोखाधड़ी, ब्लैकमेलिंग और धमकी से जुड़े आरोपों की जांच कर रही है। फिलहाल नए मामले में पुलिस की रिमांड याचिका पर अदालत का फैसला अहम होगा।

रायपुर में दीपक और पत्नी के खिलाफ पांच एफआईआर

पुलिस के मुताबिक, रायपुर के तेलीबांधा थाने में दीपक टंडन और उसकी पत्नी बरखा टंडन के खिलाफ पांच FIR दर्ज हैं। इनमें ठेका दिलाने, जमीन और रेस्टोरेंट बेचने, लग्जरी कार बेचने तथा होटल पर कब्जा बनाए रखने जैसे आरोप शामिल हैं।

एक शिकायत में आरोप लगाया गया है कि VIP रोड स्थित साधना मंडप (होटल वेलकम श्री) की लीज समाप्त होने के बाद भी कब्जा नहीं छोड़ा गया। नगर निगम की सील तोड़ने, जबरन प्रवेश करने, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के आरोप भी लगाए गए हैं। इस मामले में पत्नी बरखा टंडन का नाम भी शामिल है।