सर्दियों में बनाएं गोल और मुलायम बाजरे की रोटी, न बेलते समय टूटेगी न तवे पर; अपनाएं ये आसान ट्रिक्स

Follow Us

सर्दियों के मौसम में गरमागरम बाजरे की रोटी खाने का अपना अलग ही मजा है। इसके साथ गुड़, सफेद मक्खन, लहसुन की चटनी या सरसों का साग मिल जाए तो स्वाद दोगुना हो जाता है। बाजरा फाइबर, आयरन और कई जरूरी पोषक तत्वों से भरपूर होता है। इसलिए सर्दियों में इसे खाने की सलाह दी जाती है। हालांकि, बाजरे की रोटी बनाना हर किसी के लिए आसान नहीं होता। कई बार आटा ठीक से नहीं बंधता और रोटी बेलते या तवे पर डालते समय टूट जाती है। अगर आपके साथ भी ऐसा होता है, तो कुछ आसान ट्रिक्स अपनाकर आप पहली बार में ही गोल और मुलायम बाजरे की रोटी बना सकते हैं।

बाजरे की रोटी बनाने के लिए सामग्री
० 2 कप बाजरे का आटा
० जरूरत के अनुसार गुनगुना पानी
० आधा छोटा चम्मच नमक (वैकल्पिक)
० थोड़ा सूखा बाजरे का आटा
० जरूरत के अनुसार देसी घी

1. गुनगुने पानी से गूंथें आटा
बाजरे की रोटी अच्छी बनाने के लिए सबसे जरूरी है आटे को सही तरीके से गूंथना। एक बर्तन में बाजरे का आटा लें और उसमें थोड़ा-थोड़ा गुनगुना पानी डालते हुए आटा गूंथें। एक साथ ज्यादा पानी न डालें। हाथों से आटे को अच्छी तरह दबाकर गूंथें, ताकि वह आपस में अच्छी तरह बंध जाए। ध्यान रखें कि बाजरे में ग्लूटेन नहीं होता, इसलिए इसका आटा गेहूं की तरह आसानी से नहीं बंधता।

2. आटा गूंथने के बाद तुरंत बनाएं रोटी
बाजरे का आटा गूंथने के बाद इसे ज्यादा देर तक खुला न छोड़ें। ताजा गूंथे हुए आटे से रोटी बनाना आसान होता है। ज्यादा देर रखने से आटा सूख सकता है और उसमें दरारें पड़ने लगती हैं। इससे रोटी बनाते समय टूट सकती है।

3. हाथों से थपथपाकर दें गोल आकार
अगर बेलन से बाजरे की रोटी नहीं बन पाती है, तो हाथों का इस्तेमाल करें। इसके लिए आटे की छोटी या मध्यम आकार की लोई बनाएं। हथेलियों को हल्का गीला करें और लोई को धीरे-धीरे थपथपाते हुए गोल आकार दें। चाहें तो साफ प्लास्टिक शीट या बटर पेपर पर रखकर भी रोटी फैला सकते हैं। किनारों को हल्के हाथों से दबाकर गोल करें। रोटी को बहुत पतला न बनाएं।

4. तवे पर डालते समय रखें ध्यान
बाजरे की रोटी टूटने की एक बड़ी वजह उसे तवे पर सही तरीके से न डालना भी है। सबसे पहले तवे को अच्छी तरह गर्म कर लें। इसके बाद रोटी को सावधानी से उठाकर तवे पर डालें। अगर हाथों से उठाने में परेशानी हो तो प्लास्टिक शीट या बटर पेपर की मदद ले सकते हैं। रोटी को एक तरफ से हल्का पकने दें और फिर धीरे से पलटें।

5. धीमी से मध्यम आंच पर सेंकें
रोटी को दोनों तरफ से हल्का सेंकने के बाद धीमी से मध्यम आंच पर अच्छी तरह पकाएं। जरूरत पड़ने पर कपड़े या कलछी से हल्के हाथों से दबाएं। इससे रोटी अंदर तक सिक जाएगी। अच्छी तरह पकने के बाद इसे तवे से उतारें और ऊपर से थोड़ा देसी घी लगा दें।

बाजरे की रोटी बनाते समय इन 5 गलतियों से बचें
० ठंडे पानी से आटा न गूंथें: गुनगुने पानी से आटा अच्छी तरह बंधता है।
० ज्यादा पानी न डालें: इससे आटा चिपचिपा हो सकता है और रोटी बनाना मुश्किल होगा।
० सूखा आटा ज्यादा न लगाएं: अधिक सूखे आटे से रोटी सूखी और दरारदार हो सकती है।
० बहुत बड़ी लोई न बनाएं: शुरुआत में छोटी या मध्यम लोई से रोटी बनाना आसान रहता है।
० बार-बार न पलटें: रोटी को एक तरफ से अच्छी तरह पकने के बाद ही पलटें।

इन आसान तरीकों को अपनाकर आप घर पर बिना टूटे गोल, मुलायम और स्वादिष्ट बाजरे की रोटी बना सकते हैं। इसे गुड़, मक्खन या अपनी पसंदीदा चटनी के साथ गर्मागर्म परोसें।