रायपुर । छत्तीसगढ़ की जनजातीय विरासत, लोकसंस्कृति और स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को अंतरराष्ट्रीय मंच पर पहचान मिली है। भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर आयोजित जनजातीय गौरव दिवस-2026 को नॉर्थ अमेरिका छत्तीसगढ़ एसोसिएशन (NACHA) ने अमेरिका, कनाडा और ब्रिटेन में भारतीय दूतावासों, वाणिज्य दूतावासों, उच्चायोग तथा विभिन्न भारतीय सामुदायिक संगठनों के सहयोग से मनाया। इन आयोजनों के माध्यम से विदेशों में बसे छत्तीसगढ़वासियों ने अपनी सांस्कृतिक विरासत और जनजातीय नायकों के योगदान को सामने रखा।
अमेरिका के शिकागो स्थित नेशनल इंडिया हब में भारतीय महावाणिज्य दूतावास की ओर से आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न राज्यों के भारतीय संगठनों ने हिस्सा लिया। महावाणिज्य दूत आनंद प्रकाश ने स्वतंत्रता संग्राम और राष्ट्र निर्माण में जनजातीय समाज के योगदान को याद किया। कार्यक्रम के सामुदायिक समन्वय की जिम्मेदारी NACHA के वरिष्ठ प्रतिनिधि गणेश कर ने संभाली। उनके नेतृत्व में छत्तीसगढ़ के साथ ओडिशा, मणिपुर, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र और राजस्थान सहित कई राज्यों के संगठन एक मंच पर आए। NACHA के शिकागो चैप्टर अध्यक्ष तेजेंद्र साहू ने छत्तीसगढ़ की जनजातीय परंपराओं और शहीद वीर नारायण सिंह के योगदान पर प्रकाश डाला। इस दौरान महावाणिज्य दूत आनंद प्रकाश ने NACHA की वैश्विक अध्यक्ष दीपाली सरावगी को छत्तीसगढ़ अप्रवासी सम्मान-2026 मिलने पर बधाई दी और उन्हें सम्मानित किया।
कनाडा के टोरंटो में भारतीय महावाणिज्य दूतावास और विभिन्न सामुदायिक संगठनों के सहयोग से समारोह आयोजित किया गया। महावाणिज्य दूत महावीर सिंहवी ने दीप प्रज्वलित कर भगवान बिरसा मुंडा को श्रद्धांजलि दी। यहां NACHA कनाडा चैप्टर के अध्यक्ष और वैश्विक प्रवासी समुदाय के उपाध्यक्ष पंकज अग्रवाल ने आयोजन के समन्वय में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम में जनजातीय नृत्य, पारंपरिक कला, चित्रकला और वेशभूषा प्रतियोगिताओं के जरिए भारत की विविध सांस्कृतिक परंपराओं को प्रस्तुत किया गया। वहीं ब्रिटेन की राजधानी लंदन के नेहरू सेंटर में आयोजित ‘द ट्राइबल टेपेस्ट्री 2026’ में NACHA यूके ने छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति और जनजातीय परंपराओं को प्रदर्शित किया। इस आयोजन में छत्तीसगढ़, झारखंड और मध्यप्रदेश के स्थापना दिवस के साथ भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को भी विशेष रूप से याद किया गया। NACHA यूके के अरविंद साहू, पियाली और अन्य सदस्यों ने कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी निभाई।
अमेरिका के ह्यूस्टन में भी भारतीय वाणिज्य दूतावास के कार्यक्रम में जनजातीय गौरव दिवस और छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस की भावना को साझा किया गया। यहां NACHA के प्रतिनिधि हिमांशु थवैत और नंदा तिवारी ने प्रदेश की जनजातीय विरासत और स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान की जानकारी दी। NACHA की वैश्विक अध्यक्ष दीपाली सरावगी ने कहा कि अमेरिका, कनाडा और ब्रिटेन में प्रवासी छत्तीसगढ़वासी भारतीय राजनयिक मिशनों के साथ मिलकर प्रदेश की संस्कृति को वैश्विक पहचान दिला रहे हैं। उन्होंने कहा कि संगठन का उद्देश्य दुनिया भर में बसे छत्तीसगढ़वासियों को जोड़ना और नई पीढ़ी को प्रदेश के इतिहास, परंपराओं तथा महान जनजातीय नायकों से परिचित कराना है। उन्होंने शिकागो, टोरंटो, लंदन और ह्यूस्टन के आयोजनों में सहयोग देने वाले सभी पदाधिकारियों, राजनयिक मिशनों, संगठनों, कलाकारों और स्वयंसेवकों का आभार जताया।


