बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में मंगलवार सुबह सरना गांव के पास एक नाले में अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव काफी पुराना और सड़ी-गली अवस्था में होने के कारण मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। सूचना मिलते ही रघुनाथनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह कुछ ग्रामीणों ने सरना गांव के नाले में एक व्यक्ति का शव देखा। देखते ही देखते यह खबर आसपास के क्षेत्र में फैल गई और घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को इसकी सूचना दी।
सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को नाले से बाहर निकलवाकर अपने कब्जे में लिया। इसके बाद आवश्यक पंचनामा कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। शव की स्थिति काफी खराब होने के कारण फिलहाल मृतक की पहचान करना मुश्किल हो रहा है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मृतक की पहचान के बाद ही मौत के कारणों सहित घटना से जुड़े अन्य पहलुओं का पता चल सकेगा।
