54 बार रक्तदान कर चुके ऋषि अग्रवाल से राज्यपाल रमेन डेका ने की मुलाकात, सेवा कार्यों की सराहना

Follow Us
रायपुर। छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका से मंगलवार को रक्तवीर ऋषि अग्रवाल ने सौजन्य भेंट की। इस दौरान ऋषि अग्रवाल ने जरूरतमंदों को रक्त उपलब्ध कराने और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में किए जा रहे अपने कार्यों की जानकारी राज्यपाल को दी।

ऋषि अग्रवाल ने बताया कि वे नियमित रूप से जरूरतमंद मरीजों के लिए निःशुल्क रक्त की व्यवस्था करते हैं। इसके अलावा अपनी व्यक्तिगत बचत से आर्थिक रूप से जरूरतमंद लोगों की मदद भी करते हैं। उन्होंने बताया कि इस वर्ष 2 अक्टूबर को गांधी जयंती और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर उन्होंने 54वीं बार रक्तदान किया।

राज्यपाल रमेन डेका ने ऋषि अग्रवाल के सेवा कार्यों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि रक्तदान के माध्यम से किसी जरूरतमंद का जीवन बचाना और लोगों की सहायता करना बेहद पुण्य का कार्य है। उनका समर्पण और सेवाभाव समाज के अन्य लोगों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत है।