कोरबा में शादी का झांसा देकर दुष्कर्म के दो मामले, उरगा पुलिस ने 24 घंटे में आरोपियों को पकड़ा

Follow Us
कोरबा। जिले के उरगा थाना क्षेत्र में शादी का वादा कर शारीरिक शोषण करने के दो अलग-अलग मामले सामने आए हैं। दोनों शिकायतों पर पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, पहले मामले में पीड़िता ने शिकायत दर्ज कराई कि तुषार अनंत उर्फ पिंटू (19), निवासी पताढ़ी और हाल मुकाम श्रवण मोहल्ला हरदीबाजार ने उससे जान-पहचान बढ़ाई और शादी का झांसा देकर जबरन शारीरिक संबंध बनाए। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि घटना की जानकारी किसी को देने पर आरोपी ने फोटो वायरल करने और जान से मारने की धमकी दी।

शिकायत के आधार पर उरगा पुलिस ने अपराध क्रमांक 629/2026 के तहत बीएनएस की धारा 64, 351(3) और पॉक्सो एक्ट की धारा 4 एवं 6 के तहत मामला दर्ज किया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 15 नवंबर 2026 को आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। वहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। दूसरे मामले में ग्राम जुनवानी निवासी कृष्ण कुमार कंवर (21) पर पीड़िता ने करीब दो वर्षों तक शादी का भरोसा देकर शारीरिक संबंध बनाने का आरोप लगाया। शिकायत के मुताबिक, जब पीड़िता ने विवाह की बात कही तो आरोपी ने अलग जाति और परिजनों की असहमति का हवाला देते हुए शादी करने से इनकार कर दिया।

इस मामले में पुलिस ने अपराध क्रमांक 632/2026 के तहत बीएनएस की धारा 69 में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। त्वरित कार्रवाई करते हुए 16 नवंबर 2026 को आरोपी को गिरफ्तार किया गया। बाद में उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। कोरबा पुलिस के मुताबिक, महिला संबंधी अपराधों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए तत्काल वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। दोनों मामलों में उरगा थाना पुलिस की टीम ने आरोपियों की पतासाजी कर उन्हें गिरफ्तार किया। पुलिस ने ऐसे मामलों में आगे भी कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।