रायपुर । आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाएं अपनी लंबित मांगों को लेकर अब आंदोलन के रास्ते पर उतरने जा रही हैं। मानदेय में बढ़ोतरी और नियमितीकरण सहित छह सूत्रीय मांगों को लेकर जिला स्तर पर तीन दिवसीय चरणबद्ध विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। इस दौरान अलग-अलग तरीकों से सरकार तक अपनी आवाज पहुंचाने की तैयारी है। आंदोलन के पहले दिन आंगनबाड़ी कार्यकर्ता नुक्कड़ नाटक के जरिए अपनी समस्याओं और मांगों को सार्वजनिक रूप से उठाएंगी। इसके माध्यम से वे अपनी जिम्मेदारियों, कार्य परिस्थितियों और लंबे समय से लंबित मांगों की ओर सरकार का ध्यान आकर्षित करने का प्रयास करेंगी।
थाली-चम्मच बजाकर करेंगी प्रदर्शन
आंदोलन के दूसरे चरण में 18 नवंबर को कार्यकर्ता और सहायिकाएं थाली-चम्मच बजाकर विरोध दर्ज कराएंगी। इस अनोखे प्रदर्शन के जरिए अपनी मांगों को लेकर सरकार तक संदेश पहुंचाने की कोशिश की जाएगी।
काली साड़ी और काला चश्मा पहनकर मनाएंगी काला दिवस
विरोध प्रदर्शन के तीसरे चरण में 29 नवंबर को आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाएं काली साड़ी और काला चश्मा पहनकर काला दिवस मनाएंगी। उनका कहना है कि लंबे समय से मांगें उठाने के बावजूद समाधान नहीं निकलने के कारण उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ रहा है।
कार्यकर्ताओं की छह सूत्रीय मांगों में मानदेय वृद्धि और नियमितीकरण प्रमुख रूप से शामिल हैं। अब देखना होगा कि इस चरणबद्ध आंदोलन के बाद सरकार की ओर से उनकी मांगों पर क्या कदम उठाया जाता है।
