हमारे पास सामर्थ्य भी और संकल्प भी’, आसियान समिट में बोले PM मोदी, शांति और स्थिरता पर दिया जोर

Follow Us

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आसियान-भारत शिखर सम्मेलन को संबोधित करते हुए वैश्विक शांति, स्थिरता और आपसी सहयोग को समय की सबसे बड़ी जरूरत बताया। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में दुनिया ने लगातार कई संकटों का सामना किया है। ऐसे दौर में सभी देशों को मिलकर अस्थिरता खत्म करने और भरोसेमंद माहौल बनाने की दिशा में काम करना होगा। पीएम मोदी ने कहा कि इस वर्ष की थीम ‘हम सब मिलकर अपने भविष्य की राह तय करें’ विशेष महत्व रखती है। आने वाले वर्षों में आसियान कम्युनिटी विजन 2045 और विकसित भारत 2047 दोनों ही साझा आकांक्षाओं को पूरा करने में अहम भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने कहा, “हमारे पास सामर्थ्य भी है और संकल्प भी, जिससे हम आपसी भागीदारी को नई दिशा दे सकते हैं।” प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत का विकास और आसियान की समृद्धि एक-दूसरे से गहराई से जुड़े हुए हैं। पिछले 12 वर्षों में भारत और आसियान ने अपनी साझेदारी को नई गति दी है। अब मिलकर क्षेत्र के भविष्य की दिशा तय करने का समय है।

आसियान की केंद्रीय भूमिका के प्रति भारत प्रतिबद्ध
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आसियान की एकता और इस साझेदारी में उसकी केंद्रीय भूमिका के प्रति भारत की प्रतिबद्धता अटूट है। उन्हें विश्वास है कि यह बैठक भारत-आसियान व्यापक रणनीतिक साझेदारी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगी। साथ ही सुरक्षित, समावेशी और समृद्ध हिंद-प्रशांत क्षेत्र के निर्माण में भी योगदान देगी।

250 क्विक इंपैक्ट प्रोजेक्ट किए शुरू
पीएम मोदी ने भारत की एक्ट ईस्ट नीति का जिक्र करते हुए कहा कि इस नीति ने भारत-आसियान संबंधों को नई गति और गहराई दी है। अब दोनों पक्षों की साझेदारी साझा संस्कृति और विरासत से आगे बढ़कर डिजिटल तकनीक, रक्षा और अंतरिक्ष जैसे क्षेत्रों तक पहुंच गई है।उन्होंने बताया कि वर्ष 2014 से अब तक लोगों के बीच संपर्क मजबूत करने के लिए 100 से अधिक पहल की गई हैं। करीब 250 क्विक इंपैक्ट प्रोजेक्ट शुरू किए गए हैं और कौशल विकास को बढ़ावा देने के लिए 10 हजार से अधिक छात्रवृत्तियां दी गई हैं। भारत और आसियान के नौ देशों के बीच सीधी उड़ानें और बढ़ता पर्यटन भी मजबूत होते रिश्तों का प्रमाण हैं।

मनीला के खालसा दीवान गुरुद्वारे पहुंचे पीएम मोदी
फिलीपींस दौरे पर पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को मनीला स्थित खालसा दीवान गुरुद्वारे पहुंचे। यहां उन्होंने मत्था टेका और ग्राउंडब्रेकिंग सेरेमनी में हिस्सा लिया। इस दौरान प्रधानमंत्री ने स्थानीय सिख समुदाय के लोगों से भी मुलाकात की।

हिंद-प्रशांत क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर जोर
आसियान सम्मेलन में प्रधानमंत्री मोदी ने स्पष्ट किया कि भारत क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और आर्थिक समृद्धि के लिए सभी साझेदार देशों के साथ मिलकर काम करने को तैयार है। भारत और आसियान के बीच बढ़ता सहयोग आने वाले समय में व्यापार, तकनीक, रक्षा और सांस्कृतिक संबंधों को और मजबूत कर सकता है।