बलरामपुर। महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री और बलरामपुर जिले की प्रभारी मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े छठ महापर्व के अवसर पर बलरामपुर के सेंदुर नदी बैगा पारा स्थित छठ घाट पहुंचीं। यहां उन्होंने व्रतधारी महिलाओं और श्रद्धालुओं के साथ अस्ताचलगामी सूर्यदेव को संध्या अर्घ्य अर्पित किया। इस दौरान उन्होंने छठी मैया से प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली और कल्याण की प्रार्थना की।
मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने सभी को छठ महापर्व की बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि छठ पर्व आस्था, तप, संयम और पवित्रता का प्रतीक है। यह प्रकृति, जल और सूर्यदेव के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने की प्रेरणा देता है। साथ ही परिवार और समाज को जोड़कर सामूहिकता एवं सद्भाव का संदेश देता है। सेंदुर नदी तट पर पारंपरिक छठ गीतों और श्रद्धा-भक्ति के वातावरण में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें स्थानीय जनप्रतिनिधि, व्रतधारी महिलाएं, श्रद्धालु और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

