लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस के बीच गठबंधन तथा सीट बंटवारे को लेकर हलचल तेज हो गई है। इसी बीच कांग्रेस की 181 संभावित सीटों की सूची सामने आने की चर्चा है, जिसे पार्टी ने सपा को सौंपा है। इस सूची में कांग्रेस ने अपने पुराने राजनीतिक गढ़ रायबरेली और अमेठी की लगभग सभी सीटों पर चुनाव लड़ने की इच्छा जताई है। इसके अलावा लखनऊ समेत पश्चिमी यूपी, बुंदेलखंड और पूर्वांचल की कई सीटों पर भी दावा किया गया है। कांग्रेस की सूची में रायबरेली की सदर, बछरावां, हरचंदपुर, सलोन, सरेनी और ऊंचाहार के साथ अमेठी जिले की तिलोई, जगदीशपुर और गौरीगंज सीटें शामिल हैं। वहीं, लखनऊ की मोहनलालगंज, मलिहाबाद, बख्शी का तालाब, सरोजनी नगर और लखनऊ पूर्व सीटों को भी पार्टी ने अपनी प्राथमिकता में रखा है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कांग्रेस ने सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, मुरादाबाद, मेरठ, बागपत और गाजियाबाद की कई सीटों पर दावेदारी जताई है। नोएडा क्षेत्र की दादरी और जेवर के अलावा बुलंदशहर की विभिन्न सीटें भी सूची में शामिल हैं। ब्रज क्षेत्र में अलीगढ़, मथुरा और आगरा की कई विधानसभा सीटों पर पार्टी की नजर है।
रुहेलखंड और मध्य यूपी में भी कई सीटों पर दावा
कांग्रेस ने बदायूं, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, लखीमपुर खीरी और सीतापुर की कई सीटों को अपनी संभावित सूची में जगह दी है। इसके अलावा हरदोई, उन्नाव, बाराबंकी और अयोध्या की सीटों पर भी चुनाव लड़ने की इच्छा जताई गई है। कानपुर और बुंदेलखंड क्षेत्र से अकबरपुर रनिया, बिल्हौर, बिठूर, गोविंदनगर, किदवई नगर, कानपुर कैंट और घाटमपुर जैसी सीटें शामिल हैं। वहीं, फर्रुखाबाद, औरैया, कालपी, उरई, झांसी, मऊरानीपुर, हमीरपुर, राठ और नरैनी समेत कई निर्वाचन क्षेत्रों पर कांग्रेस ने दावा किया है।
पूर्वांचल और प्रयागराज मंडल की सीटें भी सूची में
पूर्वांचल में कांग्रेस ने प्रतापगढ़, प्रयागराज, कौशांबी और वाराणसी की कई सीटों को अपनी प्राथमिकता में रखा है। इसके अलावा सुल्तानपुर, अयोध्या क्षेत्र, गोंडा, बलरामपुर, बस्ती, संतकबीरनगर, महाराजगंज और गोरखपुर की सीटें भी संभावित सूची में शामिल हैं। देवरिया, कुशीनगर, मऊ, आजमगढ़, बलिया, जौनपुर, गाजीपुर, चंदौली, भदोही, मिर्जापुर और सोनभद्र की कई विधानसभा सीटों पर भी कांग्रेस ने चुनाव लड़ने की इच्छा जताई है।
17 नवंबर से सीट बंटवारे पर शुरू होगी बातचीत
सीटों के बंटवारे को लेकर कांग्रेस ने सोमवार को दिल्ली में उच्चस्तरीय बैठक बुलाई है। यह बैठक कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर प्रस्तावित है। वहीं, उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम के मुताबिक, कांग्रेस पहले ही सपा को 180 से 200 सीटों की संभावित सूची सौंप चुकी है। दोनों दलों के बीच 17 नवंबर से सीट बंटवारे को लेकर औपचारिक बातचीत शुरू होने की संभावना है। इसके लिए दोनों पार्टियां अपनी-अपनी कमेटियां गठित कर रही हैं। ये कमेटियां प्रत्येक विधानसभा सीट पर चुनावी स्थिति, उम्मीदवारों की दावेदारी और जीत की संभावनाओं पर चर्चा करेंगी। इसके बाद रिपोर्ट शीर्ष नेतृत्व को सौंपी जाएगी। कांग्रेस का कहना है कि गठबंधन में उसे बराबर और सम्मानजनक हिस्सेदारी मिलनी चाहिए। हालांकि, पार्टी का मुख्य जोर अधिक से अधिक सीटें जीतने और भाजपा को सत्ता से बाहर करने पर है। अब देखना होगा कि सपा और कांग्रेस के बीच सीटों को लेकर होने वाली बातचीत में कितनी सहमति बनती है और अंतिम सूची में किन सीटों पर किस दल को मौका मिलता है।
