रायपुर का स्वनिधि महोत्सव बना पर्यावरण संरक्षण की मिसाल, 2500 लोगों के आयोजन में नहीं हुआ सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल

Follow Us

रायपुर। राजधानी रायपुर में आयोजित पीएम स्वनिधि महोत्सव ने पर्यावरण संरक्षण की दिशा में अनूठी पहल कर बड़े सार्वजनिक आयोजनों के लिए नई मिसाल पेश की। करीब 2500 लोगों के खानपान, दर्जनों फूड स्टॉल और सजावट की व्यापक व्यवस्था के बावजूद पूरे कार्यक्रम में सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल नहीं किया गया। भोजन परोसने के लिए बांस से बनी प्लेटों और लकड़ी के चम्मचों का उपयोग किया गया, जबकि पानी उपलब्ध कराने के लिए भी प्लास्टिक की बोतलों और पाउच के बजाय वैकल्पिक व्यवस्था अपनाई गई। कार्यक्रम स्थल पर सजावट और सूचना पट्टों में दोबारा इस्तेमाल की जा सकने वाली सामग्री को प्राथमिकता दी गई। इस पहल ने साबित किया कि बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी वाले आयोजन भी पर्यावरण को नुकसान पहुंचाए बिना सफलतापूर्वक संपन्न किए जा सकते हैं।

नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग और राज्य शहरी विकास अभिकरण (SUDA) द्वारा आयोजित इस महोत्सव में उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेशभर से करीब 2500 पथ विक्रेताओं और उनके परिजनों ने हिस्सा लिया। महोत्सव का उद्देश्य पथ विक्रेताओं की मेहनत और उद्यमशीलता को सम्मान देना, उन्हें आर्थिक एवं डिजिटल रूप से सशक्त बनाना और शहरी अर्थव्यवस्था में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका को सामने लाना था। आयोजन में खानपान से लेकर पेयजल तक की व्यवस्थाओं को प्लास्टिक मुक्त रखने पर विशेष ध्यान दिया गया। भोजन के लिए बांस की थालियों और लकड़ी के चम्मचों का इस्तेमाल किया गया, वहीं पानी कागज के गिलासों में उपलब्ध कराया गया। लोगों के बैठने के लिए टेबल और बेंच की व्यवस्था भी की गई।

कार्यक्रम को जीरो वेस्ट बनाने के लिए केवल प्लास्टिक के विकल्प अपनाने तक ही सीमित नहीं रहा गया, बल्कि कचरा प्रबंधन पर भी विशेष ध्यान दिया गया। आयोजन स्थल पर गीले, सूखे और अन्य प्रकार के कचरे को अलग-अलग एकत्र करने की व्यवस्था की गई, ताकि उनका उचित निस्तारण किया जा सके। इसके साथ ही सजावट और सूचना संबंधी सामग्री में पुन: उपयोग को बढ़ावा दिया गया। जरूरत के अनुसार जैव निम्नीकरणीय और कम्पोस्ट योग्य सामग्री का इस्तेमाल किया गया। इस पूरी व्यवस्था का उद्देश्य कचरे की मात्रा कम करना और पुन: उपयोग एवं पुनर्चक्रण को प्रोत्साहित करना था। हजारों लोगों के भोजन, पानी और अन्य सुविधाओं का प्रबंध करते हुए प्लास्टिक से दूरी बनाए रखना आयोजन की प्रमुख विशेषता रही।

पीएम स्वनिधि महोत्सव में अपनाया गया यह प्रयोग शहरों में होने वाले बड़े आयोजनों के लिए एक उपयोगी उदाहरण बनकर सामने आया है। इस पहल ने दिखाया कि उचित योजना, वैकल्पिक सामग्री और कचरे के बेहतर प्रबंधन से सार्वजनिक कार्यक्रमों को पर्यावरण के अनुकूल बनाया जा सकता है। पथ विक्रेताओं के आर्थिक और डिजिटल सशक्तीकरण के संदेश के साथ महोत्सव ने स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। रायपुर में आयोजित इस कार्यक्रम ने यह स्पष्ट किया कि विकास और उत्सव के साथ प्रकृति की सुरक्षा को भी प्राथमिकता दी जा सकती है।