अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर शहर के गोधनपुर इलाके में चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम देते हुए एक शिक्षक और उनके पड़ोस में रहने वाले कारोबारी के मकान को निशाना बनाया। दोनों परिवार रविवार शाम छठ महापर्व मनाने घुंघुट्टा डैम गए हुए थे। इसी दौरान घरों को सूना पाकर अज्ञात चोरों ने मुख्य दरवाजों के ताले तोड़े और अंदर रखे कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। दोनों परिवारों के मुताबिक, चोरी हुए सोने-चांदी के जेवरात और नकदी की कुल कीमत करीब 15 से 20 लाख रुपये है। गांधीनगर थाना क्षेत्र के निवासी शिक्षक मनोज सिंह रविवार शाम करीब 4 बजे अपने परिवार के साथ घर में ताला लगाकर निकले थे। शाम लगभग 7 बजे जब वे वापस लौटे तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला। घर के अंदर पहुंचने पर अन्य दरवाजों के ताले भी टूटे दिखाई दिए और कमरों में सामान बिखरा पड़ा था।
चोरों ने घर के भीतर रखी अलमारियों को निशाना बनाया था। शिक्षक के घर में तीन अलमारियों को तोड़कर सामान खंगाला गया, जिनमें से दो अलमारियों में रखे जेवरात और नकदी गायब मिले। पड़ोस में रहने वाले कारोबारी के मकान में भी इसी तरह चोरी की गई। दोनों परिवारों ने चोरी गए सामान की कीमत लगभग 15 से 20 लाख रुपये बताई है। घटना की जानकारी मिलते ही गांधीनगर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीम को भी बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आसपास के क्षेत्र में संदिग्धों की तलाश की जा रही है।
इस वारदात के दौरान एक संदिग्ध युवक दिखाई देने की जानकारी भी सामने आई है। शिक्षक मनोज सिंह के अनुसार, उनके साढ़ू के ड्राइवर ने घर की छत पर एक व्यक्ति को देखा था। युवक ने काले रंग की जैकेट पहन रखी थी। जब लोगों ने शोर मचाया तो वह छत से नीचे कूदकर भागने लगा। आसपास मौजूद लोगों ने उसका पीछा कर पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह झाड़ियों और अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। शिक्षक ने आशंका जताई है कि चोरों ने वारदात से पहले दोनों मकानों की रेकी की होगी। उन्हें संभवतः इस बात की जानकारी थी कि दोनों परिवार छठ पूजा मनाने के लिए घर से बाहर रहेंगे। उन्होंने चोरी की घटना में नशे के आदी लोगों के शामिल होने की आशंका भी जताई है, हालांकि इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और संदिग्ध युवक की तलाश भी जारी है। पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। छठ महापर्व के दौरान एक साथ दो घरों में हुई इस चोरी से गोधनपुर इलाके के लोगों में दहशत का माहौल है। त्योहार मनाने के लिए घर से बाहर गए परिवारों के मकानों को निशाना बनाए जाने से स्थानीय लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
