बिलासपुर में सड़क किनारे मिली रायगढ़ के युवक की लाश, हत्या की आशंका से मचा हड़कंप

Follow Us

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के न्यायधानी बिलासपुर में सड़क किनारे एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना तोरवा थाना क्षेत्र के लालखदान स्थित संत नगर की है। मृतक की पहचान रायगढ़ जिले के घरघोड़ा निवासी उत्तम कुमार के रूप में हुई है। संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। जानकारी के अनुसार, स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे युवक का शव देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान शव के पास से पानी की बोतल, पर्स और गमछा बरामद हुआ। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण भौतिक साक्ष्य जुटाकर जांच के लिए भेज दिए हैं।

हत्या की आशंका, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
शुरुआती जांच में मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, घटनास्थल से बरामद सामान को भी जब्त कर लिया गया है।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। इसके साथ ही स्थानीय लोगों से पूछताछ कर युवक की मौत से जुड़े सुराग जुटाए जा रहे हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।