रायपुर में अपराधियों पर पुलिस का शिकंजा, मारपीट-चोरी और जुआ समेत चिट्टा तस्करी के मामले दर्ज

Follow Us

रायपुर। राजधानी रायपुर में अपराध और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई की है। इन कार्रवाइयों में मारपीट, वाहन चोरी, जुआ खेलने और प्रतिबंधित मादक पदार्थ रखने के मामले सामने आए हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

आमानाका थाना क्षेत्र के महोबा बाजार स्थित गैलेक्सी फूड सेंटर में 15 नवंबर को तीन अज्ञात व्यक्ति खाना खाने पहुंचे थे। भोजन के बाद पैसे मांगने पर उनका दुकानदार रूखसार अहमद से विवाद हो गया। आरोप है कि तीनों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और हाथ-मुक्कों से मारपीट कर उन्हें घायल कर दिया। शिकायत पर पुलिस ने तीनों अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 351(2), 115(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है।

खमतराई थाना क्षेत्र के ट्रांसपोर्ट नगर स्थित देशी शराब दुकान के पास से हीरो डीलक्स मोटरसाइकिल चोरी हो गई। रावाभाठा निवासी भागवत सेन ने पुलिस को बताया कि उनकी मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 04 क्यूआर 4526, जिसकी कीमत करीब 25 हजार रुपये है, 26 अक्टूबर की शाम चोरी हो गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत अपराध दर्ज किया है।

खमतराई पुलिस ने भनपुरी के दरी तालाब क्षेत्र में जुआ खेलने वालों के खिलाफ दो अलग-अलग कार्रवाई की। पहली कार्रवाई में च्वाइस सेंटर के पास 15 नवंबर की रात जुआ खेलते तीन आरोपियों को पकड़ा गया। इनके कब्जे से 52 ताश पत्ती और 3,610 रुपये नकद जब्त किए गए। वहीं, दूसरी कार्रवाई में 16 नवंबर की रात दरी तालाब स्थित शिव मंदिर के पास जुआ खेलते तीन अन्य आरोपियों को पकड़ा गया। पुलिस ने इनके पास से 52 ताश पत्ती और 4,150 रुपये नकद बरामद किए। दोनों मामलों में जुआ अधिनियम के तहत अपराध दर्ज किया गया है।

आजाद चौक थाना क्षेत्र के कारी तालाब के पास पुलिस ने मादक पदार्थ के खिलाफ कार्रवाई करते हुए अमित देवांगन (30) को पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 8.16 ग्राम प्रतिबंधित मादक पदार्थ चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस अभिलेख के अनुसार जब्त मादक पदार्थ की कीमत 1 लाख 62 हजार रुपये है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21(बी) के तहत अपराध दर्ज कर कार्रवाई की गई है।

राजधानी में अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई इन कार्रवाइयों के जरिए पुलिस ने अपराध, जुआ और मादक पदार्थों से जुड़ी गतिविधियों के खिलाफ अभियान जारी रखा है।