रायपुर। छत्तीसगढ़ में ठंड का असर धीरे-धीरे बढ़ने लगा है। सुबह और रात के समय तापमान में गिरावट के चलते लोगों को गर्म कपड़ों और अलाव का सहारा लेना पड़ रहा है। इसी बीच प्रदेश के मौसम में एक बार फिर बदलाव होने के संकेत मिल रहे हैं। बंगाल की खाड़ी में बन रहे संभावित चक्रवाती तूफान अकवान के प्रभाव से अगले चार दिनों बाद छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में बारिश हो सकती है। फिलहाल प्रदेश में मौसम शुष्क बना हुआ है।
भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में पिछले 25 दिनों से भी कम समय में तीसरे चक्रवाती तूफान की स्थिति बन रही है। रविवार को बना वायुमंडलीय अवदाब आज चक्रवाती तूफान में बदल सकता है। वहीं 17 नवंबर तक इसके गंभीर चक्रवाती तूफान का रूप लेने की संभावना है। इसे संभावित रूप से अकवान नाम दिया जा सकता है। इस मौसमी सिस्टम का असर छत्तीसगढ़ के दक्षिणी और उत्तरी हिस्सों में देखने को मिल सकता है।
मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक, दक्षिणी छत्तीसगढ़ में 19 नवंबर से बारिश का दौर शुरू हो सकता है। 19 से 21 नवंबर के बीच प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। 20 नवंबर को दक्षिणी छत्तीसगढ़ और 21 नवंबर को उत्तरी इलाकों में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा ओडिशा में भी 18 नवंबर से मौसम बदलने के आसार हैं। यहां तेज हवाओं के साथ भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए राज्य सरकार ने सभी जिलों में अलर्ट जारी किया है।
राजधानी रायपुर में फिलहाल मौसम साफ रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार, यहां अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान करीब 18 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। वहीं पिछले 24 घंटों के दौरान दुर्ग में प्रदेश का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अंबिकापुर में सबसे कम न्यूनतम तापमान 12.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। इस दौरान प्रदेश में कहीं भी बारिश नहीं हुई।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले चार दिनों तक तापमान में विशेष बदलाव की संभावना नहीं है। हालांकि इसके बाद चक्रवाती सिस्टम के प्रभाव से बारिश की स्थिति बन सकती है। मौसम में संभावित बदलाव को देखते हुए किसानों की चिंता बढ़ सकती है, खासकर उन किसानों की जो समर्थन मूल्य पर धान बेचने की तैयारी कर रहे हैं। ऐसे में आने वाले दिनों में मौसम की स्थिति पर नजर रखना जरूरी होगा।
