कांकेर। लोक आस्था, पवित्रता और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक छठ महापर्व देश के प्रमुख धार्मिक पर्वों में से एक है। बिहार, झारखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश में विशेष रूप से मनाया जाने वाला यह पर्व अब छत्तीसगढ़ सहित देश के कई राज्यों में भी उत्साह के साथ मनाया जाता है। कांकेर में भी बिहार, झारखंड और उत्तर प्रदेश से आकर बसे परिवार इस परंपरा को पूरी श्रद्धा के साथ आगे बढ़ा रहे हैं।
छठ पूजा में भगवान सूर्यदेव और छठी मैया की आराधना की जाती है। मान्यता है कि इस व्रत को करने से परिवार में सुख-समृद्धि, संतान की खुशहाली और अच्छे स्वास्थ्य की कामना पूरी होती है। इस पर्व की विशेषता यह है कि इसमें डूबते और उगते दोनों सूर्य को अर्घ्य दिया जाता है।
चार दिनों तक चलने वाले इस महापर्व की शुरुआत नहाय-खाय से होती है। दूसरे दिन खरना किया जाता है, जिसमें व्रती दिनभर उपवास रखकर शाम को गुड़ की खीर और रोटी का प्रसाद ग्रहण करते हैं। इसके बाद लगभग 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू होता है। तीसरे दिन शाम को नदी, तालाब या जलाशय के किनारे पहुंचकर डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया जाता है। चौथे दिन सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ व्रत का समापन होता है।
छठ पूजा में बांस के सूप, दउरा, नारियल, गन्ना, केला, मौसमी फल और पारंपरिक ठेकुआ प्रसाद का विशेष महत्व होता है। महिलाएं पारंपरिक परिधान पहनकर छठी मैया के गीत गाती हैं। परिवार के अन्य सदस्य भी पूजा की तैयारियों में सहयोग करते हैं। इस व्रत को महिलाएं ही नहीं, पुरुष भी पूरी श्रद्धा के साथ करते हैं।
कांकेर में छठ पूजा केवल धार्मिक आयोजन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह विभिन्न राज्यों से आकर बसे परिवारों के बीच अपनी संस्कृति और परंपरा को जीवित रखने का माध्यम भी है। इस पर्व में स्थानीय लोगों की सहभागिता सामाजिक सद्भाव और सांस्कृतिक एकता का संदेश देती है।
सूर्य की उपासना, जल की पवित्रता और प्रकृति के प्रति आभार व्यक्त करने वाला छठ महापर्व हमें अनुशासन, स्वच्छता, समर्पण और सामूहिक एकता का संदेश देता है। यही कारण है कि क्षेत्र और भाषा की सीमाओं से परे इस पर्व के प्रति लोगों की आस्था लगातार बढ़ रही है।
इस महापर्व को मानने वाले 3 दिवस उपवास कर पूजा करने वाले मै मति रोशनी तिवारी , अमिता तिवारी , तारा शर्मा, शशि शर्मा, शैफाली शर्मा मिनी , मति माला तिवारी , प्रिया शर्मा, सुधा तिवारी,इसरावती देवी, चन्दा शर्मा, सीता देवी ,जयंति शर्मा ,विमला देवी,पूनम शर्मा , प्रिया विकास शर्मा , मति अंजू शर्मा , रूपा भट्ट,इसके अलावा आकांक्षा उपाध्याय ऋणी ,बाहर चांपा से आए डॉ आकृति शुक्ला, मुंबई से आए मंजू शर्मा ,इसके अलावा अन्य महिलाओं माता बहने इस पर्व को श्रद्धा पूर्वक मनाते है


