रेवाड़ी में दर्दनाक हादसा: i-10 कार पर पलटा चने से भरा ट्रक, एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत

Follow Us

रेवाड़ी। हरियाणा के रेवाड़ी में दिल्ली-जयपुर नेशनल हाईवे पर शनिवार देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया। बावल के बनीपुर चौक के पास चने से भरा एक ट्रक हुंडई i-10 कार के ऊपर पलट गया। इस दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच साल का एक बच्चा घायल हो गया।हादसा इतना भीषण था कि ट्रक के नीचे दबकर कार पूरी तरह पिचक गई। वाहन के सभी हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। कार में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए खिड़कियां तक काटनी पड़ीं।इसके बाद सभी घायलों को बावल नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने दीपक, सरिता, नितिन और दिव्या को मृत घोषित कर दिया। वहीं, घायल पांच वर्षीय बच्चे का उपचार किया जा रहा है।

तेज रफ्तार ट्रक बना हादसे की वजह
जानकारी के मुताबिक, हादसा शनिवार रात करीब 11:30 बजे हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ट्रक चालक तेज रफ्तार में था। उसने पहले एक अन्य वाहन को टक्कर मारी और इसके बाद ट्रक अनियंत्रित होकर i-10 कार के ऊपर पलट गया।

ट्रक चालक की तलाश में जुटी पुलिस
हादसे के बाद पुलिस ने चारों मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिए हैं। वहीं, घटना के बाद फरार हुए ट्राला चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी है।