कांकेर। जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का कार्य रविवार से शुरू हो गया। पहले दिन जिले के सभी 94 धान खरीदी केंद्रों में पूजा-अर्चना के बाद खरीदी की शुरुआत हुई। पहले दिन 224 किसानों ने 9 हजार 160 क्विंटल धान बेचने के लिए टोकन कटवाया है। किसान तुंहर टोकन ऐप के माध्यम से टोकन लेकर उत्साह के साथ केंद्रों में पहुंच रहे हैं। खरीदी केंद्रों में ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों, ग्राम पटेल एवं गायता की उपस्थिति में इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटा, बायोमेट्रिक डिवाइस और नमी मापक यंत्रों की पूजा की गई। इसके बाद किसानों से धान खरीदी प्रारंभ हुई।
घर के भीतर मिला शिक्षक का शव, इलाके में फैली सनसनी; बदबू आने पर हुआ खुलासा
कांकेर विकासखंड के अलनियापारा कोदाभाट खरीदी केंद्र में अलबेलापारा निवासी किसान आनंद राम साहू अपने परिवार के साथ धान बेचने पहुंचे। उन्होंने बताया कि उनके पास करीब सात एकड़ कृषि भूमि है और पहले दिन 60 क्विंटल धान बेचने के लिए पहुंचे हैं। वे धान के साथ चना एवं धनिया की खेती भी करते हैं। उन्होंने बताया कि धान बिक्री से मिलने वाली राशि का उपयोग पारिवारिक जरूरतों और खेती-किसानी में करेंगे। उनके पुत्र धर्मेंद्र साहू ने समर्थन मूल्य पर खरीदी व्यवस्था के लिए राज्य सरकार के प्रति आभार जताया। इस अवसर पर तहसीलदार रूपेश मरकाम, सहकारिता निरीक्षक महेश मरकाम, बैंक नोडल अधिकारी डीएल देवांगन सहित समिति पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

