महासमुंद में डीजे डांस प्रतियोगिता के दौरान खूनी झड़प, चाकू से हमला कर 22 वर्षीय युवक की हत्या; तीन घायल

Follow Us

महासमुंद। जिले के खल्लारी थाना क्षेत्र के कोल्दा गांव में डीजे डांस प्रतियोगिता के दौरान दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया और चाकूबाजी में एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य युवक घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान ग्राम कोमा निवासी 22 वर्षीय डेनिल दीवान के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, डेनिल अपने कुछ साथियों के साथ कोल्दा गांव में आयोजित डीजे डांस कार्यक्रम देखने पहुंचा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया।

विवाद बढ़ने पर एक पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष के युवकों पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में डेनिल दीवान की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं मनीष, मन्नू और सोमनाथ दीवान घायल हो गए। तीनों घायलों को उपचार के लिए महासमुंद के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही खल्लारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और विवाद की वास्तविक वजह के साथ-साथ चाकूबाजी में शामिल लोगों की भूमिका का पता लगाया जा रहा है।