रायगढ़। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर धरमजयगढ़ में आयोजित राज्य स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह में शामिल होने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय रविवार को रायगढ़ पहुंचे। जिंदल एयरपोर्ट पर जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों और जिला प्रशासन के अधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंटकर उनका स्वागत किया।
मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए एयरपोर्ट पर स्थानीय जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान श्रीकांत सोमावार और सुभाष पांडेय सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के धरमजयगढ़ दौरे को लेकर क्षेत्र में खासा उत्साह देखा जा रहा है। राज्य स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह में भगवान बिरसा मुंडा के योगदान, उनके संघर्ष और जनजातीय समाज की गौरवशाली संस्कृति एवं परंपराओं को याद किया जाएगा। इस आयोजन के माध्यम से जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास और स्वतंत्रता संग्राम में उसके योगदान को सम्मानित किया जाएगा।
