छत्तीसगढ़ में बढ़ी ठंड, दस जिलों में न्यूनतम तापमान 16 डिग्री से नीचे

Follow Us

रायपुर। छत्तीसगढ़ में नवंबर के दूसरे सप्ताह के बाद ठंड का प्रभाव बढ़ने लगा है। प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में रात के तापमान में गिरावट दर्ज गई है। राज्य के दस जिलों में न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है। सरगुजा में सबसे कम 11.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जबकि राजधानी रायपुर में न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रहा।

मौसम विभाग से रविवार को प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, प्रदेश के उत्तरी हिस्सों के साथ मैदानी और दक्षिणी क्षेत्रों में भी रात के समय ठंड बढ़ रही है। सरगुजा के अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 11.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2 डिग्री कम है। बलरामपुर-रामानुजगंज में न्यूनतम तापमान 13.4 डिग्री और बालोद में 13.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसी तरह बेमेतरा में न्यूनतम तापमान 14.9 डिग्री, कबीरधाम में 15 डिग्री, दुर्ग और बस्तर में 15.2 डिग्री, मुंगेली तथा सूरजपुर में 15.5 डिग्री और कोरबा में 15.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दुर्ग में रात का तापमान सामान्य से 2.2 डिग्री कम रहा। वहीं, रायपुर के माना एयरपोर्ट पर न्यूनतम तापमान 15.8 डिग्री और बिलासपुर में 17.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

शासकीय जी.एन.ए. पी.जी. कॉलेज भाटापारा में ज्ञान प्रवाह मंच द्वारा बाल दिवस पर कार्यक्रम आयोजित

राजधानी रायपुर में शनिवार को अधिकतम तापमान 30.9 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दोनों तापमान सामान्य से 0.2 डिग्री अधिक रहे। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, रविवार को राजधानी में आसमान साफ रहने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। इस बीच बंगाल की खाड़ी में विकसित हो रही मौसम प्रणाली पर मौसम विभाग की नजर बनी हुई है। विभाग के अनुसार, दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र सक्रिय है। इससे संबंधित चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से लगभग 7.6 किलोमीटर की ऊंचाई तक विस्तारित है।

मौसम विभाग ने संभावना जताई है कि अगले 24 घंटों के दौरान यह प्रणाली उसी क्षेत्र में अवदाब के रूप में विकसित हो सकती है। इसके बाद 16 नवंबर की शाम तक दक्षिण और उससे सटे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में इसके चक्रवाती तूफान का रूप लेने की आशंका है। हालांकि, इस समुद्री मौसम प्रणाली का छत्तीसगढ़ पर फिलहाल विशेष प्रभाव पड़ने की संभावना नहीं जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में अगले दो दिनों तक मौसम शुष्क बने रहने का अनुमान है। इस दौरान राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश की संभावना नहीं है।

चाकूबाजी में घायल युवक की रायपुर में मौत, कांकेर में मचा हड़कंप