घर के अंदर खड़ी ईको कार को बनाया आग का निशाना, गैस सिलेंडर और चूल्हे से लगाई आग

Follow Us

लोहझर में वारदात से मचा हड़कंप, दो अन्य वाहनों को भी आग लगाने की कोशिश; ग्राम पंचायत के वार्ड क्रमांक 12 के पंच अरुण कुमार ठाकुर की कार जलकर राख

गरियाबंद (छुरा) । थाना छुरा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत लोहझर के मंदिरपारा में बीती रात अज्ञात असामाजिक तत्वों द्वारा घर के अंदर खड़ी एक ईको कार में आग लगाने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। इस घटना में वाहन पूरी तरह जलकर राख हो गया। हैरानी की बात यह है कि आरोपियों ने गांव के दो अन्य लोगों की कारों को भी आग के हवाले करने का प्रयास किया, लेकिन वहां अपने मंसूबों में सफल नहीं हो सके। एक ही रात में इस तरह की घटना सामने आने से गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत लोहझर के वार्ड क्रमांक 12 के पंच अरुण कुमार ठाकुर की ईको कार क्रमांक सीजी 04 एनवी 5514 हमेशा की तरह उनके घर के अंदर बॉडी परिसर में खड़ी थी। रात में अज्ञात व्यक्ति ने वाहन को निशाना बनाते हुए आग लगा दी। सुबह करीब 4 बजे जब परिवार के सदस्य उठे तो वाहन से आग और धुएं के निशान देखकर उनके होश उड़ गए। देखते ही देखते घटना की जानकारी गांव में फैल गई।

वाहन मालिक अरुण कुमार ठाकुर के मुताबिक घटना को अंजाम देने के लिए आरोपियों ने पहले ग्रेनाइट टाइल्स के टुकड़े से कार का शीशा तोड़ा। इसके बाद गैस चूल्हा और सिलेंडर वाहन के अंदर रखकर आग लगा दी। सुबह जब परिवार के लोगों ने वाहन की स्थिति देखी तो अंदर गैस टंकी फटी हुई मिली। मौके पर चूल्हा, लाइटर सहित अन्य सामान भी दिखाई दिए। उनका कहना है कि उसी रात गांव के दो अन्य लोगों की कारों को भी आग लगाने की कोशिश की गई, लेकिन आरोपी वहां सफल नहीं हो पाए।

लाभ पाचम पर भगतों ने अन्नकूट का लिया लाभ

घटना की जानकारी तत्काल डायल 112 को दी गई। सूचना पर टीम मौके पर पहुंची और पीडि़त परिवार को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने की सलाह दी। साथ ही आगे की कार्रवाई का भरोसा दिलाया गया।

इस घटना ने गांव की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। घरों के सामने और परिसर में खड़े वाहनों को इस तरह निशाना बनाना केवल संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का मामला नहीं है, बल्कि इससे आसपास रहने वाले परिवारों की जान भी खतरे में पड़ सकती है। यदि वाहन के अंदर गैस सिलेंडर रखकर आग लगाई गई है, तो ऐसी हरकत के परिणाम और भी भयावह हो सकते थे।

समय रहते चेतें: डायबिटीज़ पर कदम उठाने का सबसे अच्छा समय वह है, जब वह दिखे भी नहीं,एमएमआई नारायणा हॉस्पिटल

ग्रामीणों के बीच अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर रात के अंधेरे में इस वारदात को किसने अंजाम दिया और इसके पीछे क्या वजह है? पुलिस प्रशासन के सामने चुनौती है कि घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए जाएं, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जाए तथा संदिग्धों से पूछताछ कर आरोपियों की पहचान की जाए। ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और गांव में भयमुक्त वातावरण कायम रह सके।