सोनिया, खरगे ने नेहरू को दी श्रद्धांजलि, राहुल बोले नेहरू का सपना आत्मविश्वास भरा प्रगतिशील भारत

Follow Us

नई दिल्ली। कांग्रेस संसदीय दल की नेता सोनिया गांधी और पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने पूर्व प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की 137वीं जयंती पर उनकी समाधि शांतिवन पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। गांधी और खरगे ने पंडित नेहरू की समाधि पर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित कर नमन किया। नेहरू की जयंती 14 नवंबर को हर वर्ष ‘बाल दिवस’ के रूप में मनायी जाती है। खरगे ने पंडित नेहरू को नमन करते हुए कहा कि आजादी से लेकर एक मजबूत, आधुनिक, लोकतांत्रिक और प्रगतिशील राष्ट्र की नींव रखने में नेहरू का ऐतिहासिक योगदान रहा। आजादी के बाद तमाम चुनौतियों के बीच उन्होंने अपनी दूरदर्शी सोच, मजबूत नेतृत्व और अटूट संकल्प से भारत के सामाजिक, राजनीतिक और आर्थिक विकास को नई दिशा दी।

भारत की 5 शानदार पर्यटन स्थल, खूबसूरत नजारों के बीच यादगार बनेगा आपका सफर

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र, समानता, धर्मनिरपेक्षता और वैज्ञानिक सोच में नेहरू का गहरा विश्वास था और वह ऐसा भारत चाहते थे, जहां हर नागरिक को बिना किसी भेदभाव के समान अवसर मिले। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि पंडित नेहरू आधुनिक भारत के प्रमुख वास्तुकार थे और वह समझते थे कि भारत जैसे विविधतापूर्ण देश को लोकतंत्र ही एकजुट रख सकता है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में विभिन्न संस्कृतियों, विश्वासों, राजनीतिक विचारों और आकांक्षाओं को स्थान मिलता है। खरगे ने कहा कि आज शांतिवन में नेहरू को श्रद्धांजलि देते हुए संविधान, लोकतांत्रिक संस्थाओं और देश को एकजुट रखने वाले मूल्यों की रक्षा तथा संरक्षण के संकल्प को दोहराना चाहिए। यही नेहरू की स्थायी विरासत है और इसे कायम रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

नक्सल मुक्त क्षेत्र में सर्चिंग तेज, जंगलों से मिला मशीनरी और उपकरणों का बड़ा जखीरा

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष तथा लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा कि हिंद के जवाहर के लिए आजादी मंजिल नहीं, बल्कि देश के नए सफर का मुकाम थी। स्वराज सत्ता नहीं बल्कि हर नागरिक की भागीदारी और देश के भविष्य की जिम्मेदारी थी। उन्होंने कहा कि भारत उनके लिए एक खोज और एक विचार था, जिसमें विविधता शक्ति, लोकतंत्र विश्वास और समानता आधार थी। आधुनिक, वैज्ञानिक, प्रगतिशील और आत्मविश्वासी भारत का उनका सपना आज भी प्रेरणा है। पार्टी के संचार विभाग के प्रभारी जयराम रमेश ने नेहरू के डिजिटल अभिलेखागार का उल्लेख करते हुए कहा कि पिछले एक वर्ष में इसके 10 लाख से अधिक विशिष्ट आगंतुक रहे हैं और इसके पृष्ठों को 40 लाख से अधिक बार देखा गया है। उन्होंने कहा कि यह संग्रह नेहरू के विचारों और 20वीं सदी के भारत को समझने के लिए महत्वपूर्ण प्राथमिक स्रोत है। रमेश ने कहा कि डिजिटल अभिलेखागार का अगला चरण चयनित कार्यों से आगे बढ़कर नेहरू से संबंधित पत्रों, तस्वीरों, दस्तावेजों, पुस्तकों, फिल्मों, ऑडियो रिकॉर्डिंग और उनके जीवनकाल में प्रकाशित कार्टूनों सहित और अधिक सामग्री को समेटेगा।