तीन सूत्रीय मांगों को लेकर ड्राइवरों का अनिश्चितकालीन स्टीयरिंग छोड़ अभियान शुरू, गोबरा नवापारा बस स्टैंड में धरने पर बैठे चालक

Follow Us

गरियाबंद(गोबरा नवापारा)। छत्तीसगढ़ ड्राइवर महासंघ ने अपनी तीन सूत्रीय मांगों को लेकर आज 12 नवंबर से अनिश्चितकालीन स्टीयरिंग छोड़ अभियान शुरू कर दिया है। महासंघ द्वारा अभनपुर स्ष्ठरू को पूर्व में ज्ञापन सौंप दिया गया था। ज्ञापन में स्पष्ट किया गया था कि यदि मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया गया तो 12 नवंबर से आंदोलन शुरू किया जाएगा। आज सुबह से ही गोबरा नवापारा बस स्टैंड में संगठन के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में ड्राइवर साथी शांतिपूर्ण एवं अहिंसात्मक तरीके से धरना प्रदर्शन पर बैठ गए हैं।

यह आंदोलन ऑल इंडिया ड्राइवर ज्वाइंट कमेटी के आह्वान पर संपूर्ण भारत में चल रहा है, जिसमें छत्तीसगढ़ ड्राइवर महासंघ प्रमुख भूमिका निभा रहा है। महासंघ का कहना है कि 25 अक्टूबर 2025 को राज्यव्यापी आंदोलन किया गया था, जिसे मुख्यमंत्री के आश्वासन के बाद स्थगित किया गया था। बाद में 6 नवंबर 2025 को इंद्रावती भवन, नवा रायपुर में परिवहन आयुक्त एवं श्रम विभाग के अधिकारियों ने संगठन के प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सेन एवं राज्य कमेटी के समक्ष छत्तीसगढ़ में ड्राइवर वेलफेयर बोर्ड गठन का आश्वासन दिया था। लेकिन एक वर्ष बीत जाने के बाद भी बोर्ड का गठन नहीं हुआ। केंद्र सरकार के समक्ष ड्राइवर सुरक्षा कानून एवं राष्ट्रीय ड्राइवर आयोग की मांग पर भी कोई ठोस पहल नहीं हुई।

महासंघ की प्रमुख तीन सूत्रीय मांगे हैं कि देशभर के व्यावसायिक वाहन चालकों के लिए ड्राइवर सुरक्षा कानून लागू किया जाए। राष्ट्रीय स्तर पर ड्राइवर आयोग का गठन किया जाए। छत्तीसगढ़ में तत्काल ड्राइवर वेलफेयर बोर्ड का गठन किया जाए। धरने पर बैठे चालकों ने कहा कि यह आंदोलन तब तक जारी रहेगा, जब तक मांगों पर सरकार द्वारा ठोस एवं लिखित निर्णय नहीं लिया जाता। इस बार केवल मौखिक आश्वासन पर आंदोलन स्थगित नहीं किया जाएगा।

BREAKING: वाशिंगटन डीसी के लोगन सर्कल इलाके में गोलीबारी, चार घायल एक की मौत

महासंघ ने प्रशासन से मांगों पर उचित कार्रवाई कराने तथा शांतिपूर्ण धरना प्रदर्शन हेतु आवश्यक सहयोग प्रदान करने का अनुरोध किया है। संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि यह संघर्ष देश के करोड़ों ड्राइवरों के सम्मान, सुरक्षा एवं अधिकारों की लड़ाई है। अब ड्राइवर समाज को आश्वासन नहीं, बल्कि ठोस निर्णय चाहिए।