दुर्गम पहाडिय़ों और पथरीले रास्तों को पार कर मोटरसाइकिल से एलेंगनार पहुंचे कलेक्टर-सीईओ, चौपाल लगाकर सुनी ग्रामीणों की समस्याएं

Follow Us

सुकमा। जिले के दूरस्थ और पहुंचविहीन वनांचल क्षेत्रों में विकास कार्यों की जमीनी स्थिति जानने कलेक्टर अमित कुमार और जिला पंचायत सीईओ मुकुन्द ठाकुर मोटरसाइकिल से छिंदगढ़ विकासखंड के अंतिम छोर पर स्थित ग्राम एलेंगनार पहुंचे। दुर्गम पहाडिय़ों और पथरीले रास्तों को पार कर अधिकारियों ने ग्रामीणों से सीधे संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं। एलेंगनार 1910 के ऐतिहासिक भूमकाल विद्रोह के जननायक अमर शहीद डेबरीधुर की जन्मस्थली है।

गांव पहुंचकर कलेक्टर ने आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया और बच्चों, गर्भवती तथा शिशुवती महिलाओं को दिए जा रहे पोषण आहार की जानकारी ली। उन्होंने भंडारण कक्ष और रसोईघर का जायजा लिया। खराब वजन मशीन को तत्काल बदलने के निर्देश दिए। ग्रामीणों की मांग पर गांव में नए आंगनबाड़ी भवन और सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के तहत राशन दुकान भवन निर्माण की स्वीकृति दी। निर्माणाधीन प्राथमिक शाला की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने और गांव तक बन रही सड़क का कार्य निर्धारित समय में पूरा करने के निर्देश भी दिए।

प्रतिभाओं को तराशने प्रशासन की ऐतिहासिक पहल, ग्रामीण अंचल से लेकर जिला स्तर तक खेल महाकुंभ का आगाज

इसके बाद अधिकारियों ने ग्रामीणों के साथ चौपाल लगाई। जमीन पर बैठकर उन्होंने पीएम आवास, राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड और आधार कार्ड सहित विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ मिलने की स्थिति की जानकारी ली। ग्रामीणों की भावनाओं और शहीद डेबरीधुर के प्रति सम्मान को देखते हुए कलेक्टर ने गांव के प्रमुख चौक का सौंदर्यीकरण कराने तथा वहां शहीद की प्रतिमा स्थापित करने की घोषणा की। इसके अलावा देवगुड़ी, खेल मैदान और सामुदायिक भवन निर्माण के लिए पंचायत को तत्काल प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।

अधिकारियों ने झीरम पंचायत में भी विकास कार्यों का निरीक्षण किया। यहां आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों के लिए तैयार भोजन की गुणवत्ता जांचने कलेक्टर और सीईओ ने स्वयं भोजन चखा। बच्चों को किताब पढ़ते और गिनती सीखते देखकर उनका उत्साहवर्धन किया। स्कूल परिसर में पेवर ब्लॉक, टाइल्स और आकर्षक पेंटिंग कराने के निर्देश दिए। निर्माणाधीन पंचायत भवन और बाउंड्रीवॉल का काम भी निर्धारित समय-सीमा और गुणवत्ता के साथ पूरा करने को कहा।

दौरे के अंतिम चरण में टाहकवाड़ा पंचायत में ग्रामीणों के साथ बैठक कर पीएम आवास, शौचालयों की उपयोगिता, स्वास्थ्य सुविधाओं और आगामी धान खरीदी केंद्रों की तैयारियों की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि क्षेत्र के जर्जर शासकीय भवनों को नियमानुसार एसडीएम के माध्यम से जर्जर घोषित कराने की प्रक्रिया पूरी की जाए, ताकि नए भवनों की स्वीकृति दी जा सके।

सलमान खान की ‘मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस’ का ट्रेलर रिलीज, देशभक्ति, बलिदान और युद्ध की मानवीय पीड़ा को दिखाती है कहानी

इस दौरान पीएम ग्राम सड़क योजना के कार्यपालन अभियंता, जनपद पंचायत सीईओ शंकर बघेल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे। अधिकारियों के इस दौरे का उद्देश्य दूरस्थ गांवों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार करने और शासकीय योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना रहा।