जशपुरनगर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दीपावली का त्योहार अपने परिवार के साथ हर्षोल्लास से मनाया। इस अवसर पर उनके बगिया स्थित गृह निवास में दिनभर उत्सव का माहौल रहा। जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और आम नागरिकों ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर उन्हें दीपावली की शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने अपनी धर्मपत्नी कौशल्या साय और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ दीप जलाए तथा फुलझड़ियां और अनार जलाकर त्योहार की खुशियां साझा कीं।
इस दौरान मुख्यमंत्री साय ने प्रदेशवासियों को दीपावली की बधाई देते हुए सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। उन्होंने कहा कि दीपावली का पर्व हमें अंधकार से प्रकाश की ओर बढ़ने और आपसी प्रेम, भाईचारे व सद्भाव को मजबूत करने का संदेश देता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि छत्तीसगढ़ विकास और उन्नति के नए आयाम स्थापित करेगा।
मुख्यमंत्री ने सुनीं लोगों की समस्याएं
दीपावली की बधाई देने पहुंचे लोगों ने मुख्यमंत्री के सामने अपनी समस्याएं और मांगें भी रखीं। मुख्यमंत्री ने उनकी बातें गंभीरता से सुनीं और संबंधित अधिकारियों को आवेदनों पर जल्द कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों की समस्याओं का समाधान करना सरकार की प्राथमिकता है।
प्रधानमंत्री के बस्तर दौरे को बताया गौरव का क्षण
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बस्तर दौरे पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आभार जताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का बस्तर आगमन पूरे संभाग और प्रदेश के लिए गौरव का विषय है। कभी नक्सलवाद के साये में रहने वाला बस्तर अब नक्सलमुक्ति की दिशा में आगे बढ़ रहा है। यह बदलते छत्तीसगढ़ की तस्वीर है, जहां भय और हिंसा की जगह शांति, विकास और विश्वास का माहौल बन रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में बस्तर विकास और खुशहाली की नई राह पर आगे बढ़ रहा है।


