गौरा-गौरी की भक्ति में रंगे अरुण वोरा, पूजा-अर्चना के साथ सोंटा प्रहार में भी हुए सहभागी

Follow Us

दुर्ग। छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोकसंस्कृति के प्रतीक पावन पर्व गौरा-गौरी के अवसर पर आज वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं दुर्ग शहर के पूर्व विधायक अरुण वोरा दुर्ग शहर के विभिन्न स्थानों पर आयोजित गौरा-गौरी पूजा उत्सव में शामिल हुए। उन्होंने पोलसायपारा, पचरीपारा, शीतला नगर, चंडी मंदिर एवं गौड़पारा पहुंचकर भगवान भोलेनाथ एवं माता पार्वती के स्वरूप गौरा-गौरी की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की तथा क्षेत्रवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इस दौरान उन्होंने छत्तीसगढ़ की विशिष्ट लोकपरंपरा सोंटा प्रहार में भी सहभागी बनकर अपनी आस्था प्रकट की।

इस अवसर पर वोरा ने कहा कि गौरा-गौरी पर्व छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान, लोकआस्था का अनुपम उत्सव है। यह पर्व हमें अपनी जड़ों और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ता है। भगवान भोलेनाथ एवं माता पार्वती की आराधना के साथ मनाया जाने वाला यह पर्व पारिवारिक सुख-समृद्धि, आपसी प्रेम का संदेश देता है। सोंटा प्रहार जैसी पारंपरिक रस्में हमारी लोकसंस्कृति में पीढ़ियों से चली आ रही अटूट श्रद्धा की अभिव्यक्ति हैं।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की पहचान केवल उसकी प्राकृतिक संपदा से नहीं, बल्कि यहां की जीवंत लोकपरंपराओं और आपसी भाईचारे से भी है। हमारी जिम्मेदारी है कि इन सांस्कृतिक धरोहरों को सहेजें और आने वाली पीढ़ियों तक उनकी गौरवशाली परंपरा को पहुंचाएं।

 

इस दौरान राजकुमार पाली, हरीश साहू, सुधीर चंदेल, कृष्णा यादव, ऋषि साहू, विजयंंत पटेल, राजकुमार वर्मा, नरेंद्र सोनकर, अजगर अली, बंटी नवरंग, अशोक चंद्राकर, राज पटले, सौरभ ताम्रकार, महेश्वरी ठाकुर, देव कुमार जांगड़े, राहुल राजपूत, शाश्वत पांडेय, शिशिरकांत कासर एवं गिरधर शर्मा सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे