लोकतांत्रिक मूल्यों और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर हुआ युवा संवाद, 200 से अधिक युवाओं ने लिया हिस्सा

Follow Us

विधायक चैतराम अटामी की उपस्थिति में युवाओं ने लोकतांत्रिक सहभागिता और विकसित भारत के संकल्प को दोहराया

दंतेवाड़ा। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत मेरा युवा भारत (माय भारत), दंतेवाड़ा द्वारा पीजी गर्ल्स कॉलेज, दंतेवाड़ा में विकसित भारत युवा संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 200 से अधिक विद्यार्थियों एवं युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इसका उद्देश्य युवाओं में लोकतांत्रिक जागरूकता बढ़ाने, सक्रिय नागरिक सहभागिता को प्रोत्साहित करने तथा राष्ट्र निर्माण में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करना था।

26 अक्टूबर से 05 नवंबर 2026 तक देशभर के 500 विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों एवं शैक्षणिक संस्थानों में आयोजित राष्ट्रव्यापी विकसित भारत युवा संवाद पहल के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक चैतराम अटामी उपस्थित रहे। साथ ही युवा प्रेरणा स्रोत नंदनी दीक्षित की विशेष उपस्थिति रही। कार्यक्रम में युवाओं और जनप्रतिनिधियों ने लोकतांत्रिक व्यवस्था, नागरिक कर्तव्यों तथा राष्ट्र के विकास में युवाओं की भागीदारी पर विचार साझा किए।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर सभी प्रतिभागियों ने लोकतांत्रिक प्रतिज्ञा लेकर लोकतांत्रिक मूल्यों, जागरूक सहभागिता और जिम्मेदार नागरिकता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। अंत में जिला युवा अधिकारी आदित्य पांडे द्वारा आभार व्यक्त किया गया।इस आयोजन का उद्देश्य युवाओं को लोकतांत्रिक संस्थाओं और प्रक्रियाओं से जोड़कर उन्हें जागरूक, जिम्मेदार एवं सक्रिय नागरिक बनाना है। युवा संवाद जैसी पहल युवाओं को अपने विचारों, आकांक्षाओं और क्षमताओं के माध्यम से वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में सार्थक योगदान देने के लिए प्रेरित कर रही है।