गौरेला-पेंड्रा-मरवाही राज्योत्सव में दिखी विकास और सुशासन की तस्वीर, विभागीय प्रदर्शनियों ने खींचा नागरिकों का ध्यान

Follow Us

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ के अवसर पर पेंड्रारोड के गुरुकुल खेल मैदान में जिला स्तरीय राज्योत्सव का आयोजन किया गया। यहां विभिन्न विभागों ने अपने स्टॉल लगाकर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और उपलब्धियों की जानकारी दी। कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, पर्यटन और ग्रामीण विकास सहित कई क्षेत्रों की प्रदर्शनियां नागरिकों के आकर्षण का केंद्र रहीं।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि तखतपुर विधायक धर्मजीत सिंह और अन्य विशिष्ट अतिथियों ने विभागीय स्टॉलों का अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों से योजनाओं के क्रियान्वयन और आम लोगों को मिल रहे लाभों की जानकारी ली। जनसंपर्क विभाग की फोटो प्रदर्शनी में महतारी वंदन योजना, कृषक उन्नति योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, तेंदूपत्ता संग्रहण, श्री रामलला दर्शन योजना और प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं को प्रदर्शित किया गया। अतिथियों ने प्रदर्शनी देखने के साथ मासिक पत्रिका ‘जनमन’ की भी सराहना की।

कृषि विभाग ने उन्नत खेती, जैविक कृषि और फसल विविधीकरण की जानकारी दी, जबकि उद्यानिकी विभाग ने ऑयल पाम सहित विभिन्न फसलों की संभावनाएं बताईं। महिला एवं बाल विकास विभाग ने आंगनबाड़ी गतिविधियों और महिला सशक्तिकरण से जुड़ी योजनाओं को प्रदर्शित किया। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के स्टॉल में स्वसहायता समूहों की महिलाओं द्वारा तैयार हस्तशिल्प और खाद्य उत्पादों के माध्यम से ग्रामीण आजीविका की झलक देखने को मिली। वहीं आदिम जाति कल्याण विभाग ने पीएम जनमन योजना और स्कूल शिक्षा विभाग ने शैक्षणिक नवाचारों की जानकारी दी।

इसके अलावा पर्यटन, स्वास्थ्य, समाज कल्याण, श्रम, उद्योग, वन, पशुधन विकास, मछली पालन, सहकारिता, आवास और विभिन्न अधोसंरचना से जुड़े विभागों ने भी अपनी योजनाएं और उपलब्धियां प्रदर्शित कीं। राज्योत्सव के जरिए नागरिकों को एक ही परिसर में शासन की अलग-अलग योजनाओं और सुविधाओं की जानकारी मिली। विभागीय प्रदर्शनियों ने प्रदेश की विकास यात्रा और जनकल्याणकारी पहलों को लोगों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।