महासमुंद में 26वें राज्योत्सव का भव्य शुभारंभ, सांसद रूपकुमारी चौधरी ने किया दीप प्रज्वलन

Follow Us

महासमुंद। छत्तीसगढ़ राज्य के 26वें स्थापना दिवस के अवसर पर जिला मुख्यालय के मिनी स्टेडियम में आयोजित जिला स्तरीय राज्योत्सव का शुभारंभ सांसद रूपकुमारी चौधरी ने दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम में महासमुंद विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, कलेक्टर विनय कुमार लंगेह और जिला प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान सांसद एवं अन्य अतिथियों ने विभिन्न विभागों की उपलब्धियों और शासकीय योजनाओं से संबंधित प्रदर्शनी स्टॉल का अवलोकन किया।

मुख्य अतिथि रूपकुमारी चौधरी ने जिलेवासियों को राज्य स्थापना दिवस की बधाई देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार सुशासन और जनकल्याण को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के योगदान को याद करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से छत्तीसगढ़ को अलग राज्य की पहचान मिली। उन्होंने जानकारी दी कि 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होगी। साथ ही सड़क, आवास, स्कूल और पंचायत जैसी बुनियादी सुविधाओं के विस्तार पर काम किया जा रहा है। उन्होंने सिरपुर को यूनेस्को की अस्थायी सूची में शामिल किए जाने पर भी जिलेवासियों को बधाई दी।

विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के प्रयासों से प्रदेश विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने किसानों से 21 क्विंटल प्रति एकड़ धान खरीदी और महिलाओं को महतारी वंदन योजना के तहत हर महीने एक हजार रुपये मिलने का उल्लेख किया। बीज विकास निगम के अध्यक्ष चंद्रहास चंद्राकर, शाकंभरी बोर्ड के अध्यक्ष राजेंद्र नायक और अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष रामलाल चौहान ने भी अपने संबोधन में किसानों, महिलाओं, युवाओं और जरूरतमंद परिवारों के कल्याण के लिए संचालित योजनाओं की जानकारी दी।

कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने जिले में चल रहे विकास कार्यों और योजनाओं की उपलब्धियां साझा कीं। उन्होंने बताया कि महतारी वंदन योजना से जिले की करीब 3 लाख 8 हजार महिलाएं लाभान्वित हो रही हैं। लखपति दीदी अभियान में निर्धारित लक्ष्य 22,546 के मुकाबले 32,799 महिलाओं को लखपति दीदी बनाया गया है। प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत 1,17,866 आवासों का निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना से 5,400 से अधिक हितग्राहियों को लाभ मिला है। मोर गांव-मोर पानी अभियान के तहत करीब 31 करोड़ लीटर वर्षाजल संचयन की क्षमता विकसित की गई है। इसके अलावा 204 करोड़ रुपये से अधिक के छह सड़क निर्माण एवं चौड़ीकरण कार्य स्वीकृत किए गए हैं।

राज्योत्सव में 16 विभागों ने अपनी उपलब्धियों और योजनाओं को प्रदर्शित करने के लिए आकर्षक स्टॉल लगाए। कृषि, उद्यानिकी, जिला पंचायत, महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य, शिक्षा, वन और जनसंपर्क विभाग सहित अन्य विभागों ने नागरिकों को शासकीय योजनाओं की जानकारी दी। वहीं स्थानीय स्कूल और कॉलेज के विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों और लोकनृत्य की प्रस्तुतियों से समारोह में छत्तीसगढ़ की कला एवं संस्कृति की झलक दिखाई।