मुंगेली। उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव ने नगर पालिका क्षेत्र में चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माणाधीन प्रवेश द्वार, स्विमिंग पूल, नालंदा परिसर और नगर पालिका भवन की स्थिति देखी तथा अधिकारियों से कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने सभी कामों में तेजी लाने और तय समय-सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही स्पष्ट किया कि निर्माण की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। निरीक्षण के दौरान विधायक धरमलाल कौशिक भी मौजूद रहे।
उप मुख्यमंत्री ने सबसे पहले साइंस कॉलेज के पास नवागढ़ रोड पर बन रहे प्रवेश द्वार का निरीक्षण किया। इसके बाद स्विमिंग पूल और नालंदा परिसर के निर्माण कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण में निर्धारित गुणवत्ता मानकों का पालन हो और कार्यों की नियमित निगरानी की जाए। नगर पालिका भवन के निर्माण की स्थिति देखने के बाद उन्होंने दोहराया कि किसी भी काम में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।
निरीक्षण के बाद अरुण साव कर्मा माता मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर छत्तीसगढ़वासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। उन्होंने प्रदेश की निरंतर उन्नति और प्रगति के लिए भी प्रार्थना की।

