रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 के तहत नवा रायपुर में आयोजित प्रदर्शनी का कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने शैक्षणिक भ्रमण किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का अवलोकन कर प्रदेश की विकास यात्रा, सांस्कृतिक विरासत, सरकारी योजनाओं, उच्च शिक्षा और तकनीकी नवाचारों की जानकारी हासिल की।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) मनोज दयाल ने उच्च शिक्षा विभाग की प्रदर्शनी देखी और प्रदेश में उच्च शिक्षा के विस्तार, गुणवत्तापूर्ण शिक्षण व्यवस्था तथा विश्वविद्यालयों की उपलब्धियों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रदर्शनी से प्राप्त जानकारियों को अपनी पढ़ाई और व्यावसायिक जीवन से जोड़ने के लिए प्रेरित किया। कुलपति ने कहा कि राज्योत्सव केवल सांस्कृतिक आयोजन नहीं, बल्कि प्रदेश की प्रगति और पहचान को समझने का भी अवसर है। पत्रकारिता के विद्यार्थियों के लिए ऐसे भ्रमण अवलोकन क्षमता, विश्लेषण और रचनात्मक अभिव्यक्ति को विकसित करने में सहायक होते हैं।
विश्वविद्यालय के कुलसचिव सुनील कुमार शर्मा ने कहा कि शैक्षणिक भ्रमण से विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ व्यावहारिक अनुभव मिलता है और उनकी व्यावसायिक समझ बेहतर होती है। इस अवसर पर उच्च शिक्षा विभाग के नोडल अधिकारी डॉ. तपेश चंद्र गुप्ता ने कुलपति का स्वागत कर विभाग की गतिविधियों और उपलब्धियों की जानकारी दी। भ्रमण के दौरान लीली दयाल, विभागाध्यक्ष डॉ. नृपेंद्र कुमार शर्मा, अतिथि शिक्षक डॉ. कपिल देव प्रजापति, डॉ. अनिल कुमार शुक्ला, जितेंद्र श्रीवास सहित विश्वविद्यालय के कर्मचारी और विद्यार्थी उपस्थित रहे।
