सूरजपुर। नगर पंचायत शिवनंदनपुर में कचरा प्रबंधन और स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए 65.07 लाख रुपये की लागत से एमआरएफ-एसएलआरएम सेंटर बनाया जाएगा। महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने सोमवार को निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। इस केंद्र के शुरू होने से नगर में कचरे के पृथक्करण, पुनर्चक्रण और व्यवस्थित निपटान की व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
इस पहल से शिवनंदनपुर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के प्रयासों को गति मिलने की उम्मीद है। केंद्र के माध्यम से अपशिष्ट प्रबंधन को व्यवस्थित किया जाएगा, जिससे नगर की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। भूमिपूजन कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष रितेश जायसवाल सहित बाबूलाल अग्रवाल, अजय गोयल, ललित गोयल, मनीबग्गा, अंशुल गोयल और अन्य जनप्रतिनिधि व गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

