o फाइनल में संस्कारधानी स्ट्राइकर्स को 4-2 से हराया
o खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा 22 अक्टूबर से रायपुर के सरदार वल्लभ भाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में किया गया था लीग का आयोजन
रायपुर। छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के पहले सीजन में मैनपाट टाइटन्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। रोमांचक फाइनल मुकाबले में टीम ने संस्कारधानी स्ट्राइकर्स को 4-2 गोल से शिकस्त देकर खिताब अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ ही मैनपाट टाइटन्स ने लीग के उद्घाटन सीजन में अपनी बादशाहत साबित की।
खेल एवं युवा कल्याण विभाग की ओर से आयोजित इस प्रतियोगिता का आयोजन 22 अक्टूबर से रायपुर स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में किया गया था। लीग में खिलाड़ियों ने पूरे टूर्नामेंट के दौरान दमदार खेल और शानदार टीमवर्क का प्रदर्शन किया।
फाइनल मुकाबले में दोनों टीमों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली, लेकिन मैनपाट टाइटन्स ने बेहतर तालमेल और आक्रामक खेल के दम पर मुकाबला अपने पक्ष में कर लिया। संस्कारधानी स्ट्राइकर्स ने वापसी की कोशिश की, लेकिन उसे उपविजेता बनकर संतोष करना पड़ा। पहले सीजन की सफलता से प्रदेश में हॉकी को नया प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।
