बेंगलुरु के पांच सितारा होटल के स्विमिंग पूल में उतरा करंट, दो विदेशी नागरिकों की मौत

Follow Us

बेंगलुरु। कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु के एक पांच सितारा होटल में शुक्रवार शाम बड़ा हादसा हो गया। यहां स्थित कॉनराड होटल के तरणताल में अचानक बिजली का करंट उतरने से दो विदेशी नागरिकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए। घायलों में एक अमेरिकी नागरिक और होटल का भारतीय कर्मचारी शामिल है। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार, फिलहाल उनकी हालत खतरे से बाहर है।

पूर्वी बेंगलुरु के पुलिस उपायुक्त ने बताया कि हादसा शुक्रवार शाम हलासुरू स्थित कॉनराड होटल की तीसरी मंजिल पर बने तरणताल में हुआ। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पानी में अचानक बिजली का करंट फैल गया, जिसकी चपेट में आने से दो विदेशी नागरिकों की मौत हो गई। मृतकों में एक जर्मनी और दूसरा स्लोवाकिया का नागरिक था।

सऊदी अरब के 3 शहरों के लिए एयर इंडिया की उड़ानें 14 नवंबर तक बंद, यात्रियों को पूरा रिफंड या रीबुकिंग का विकल्प

मृतकों की पहचान 57 वर्षीय अलेक्जेंडर मैक्सिमिलियन थीस और 45 वर्षीय जुराज होरवाट के रूप में हुई है। अलेक्जेंडर मैक्सिमिलियन थीस जर्मनी के नागरिक थे और विमानन कंपनी लुफ्थांसा के चालक दल के सदस्य थे। वहीं, जुराज होरवाट स्लोवाकिया के निवासी थे और सूचना प्रौद्योगिकी कंपनी आईबीएम में परियोजना प्रबंधक के पद पर कार्यरत थे।

हादसे के दौरान दोनों विदेशी नागरिकों को बचाने की कोशिश में दो अन्य लोग भी करंट की चपेट में आकर घायल हो गए। इनमें होटल में ठहरा एक अमेरिकी नागरिक और होटल का भारतीय तरणताल सहायक शामिल है। दोनों घायलों को मणिपाल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।चिकित्सकों के अनुसार, दोनों की स्थिति स्थिर है और वे खतरे से बाहर हैं।

सऊदी अरब के 3 शहरों के लिए एयर इंडिया की उड़ानें 14 नवंबर तक बंद, यात्रियों को पूरा रिफंड या रीबुकिंग का विकल्प

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। प्रारंभिक तौर पर हादसे की वजह तरणताल में बिजली का करंट उतरना बताई जा रही है। हालांकि, करंट फैलने के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। होटल की विद्युत व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों की भी जांच की जाएगी। घटना के बाद होटल में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।