जगदलपुर में राष्ट्रीय एकता दिवस पर एनसीसी कैडेटों ने ली शपथ, जागरूकता रैली निकाल दिया एकता का संदेश

Follow Us

जगदलपुर। शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-2 में लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाई गई। 1 सीजी गर्ल्स बटालियन एनसीसी परचनपाल के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम कमान अधिकारी कर्नल सुशील कुमार राणा के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का संचालन एनसीसी अधिकारी कैप्टन हेमपुष्पा लता ध्रुव ने किया।

आयोजन की शुरुआत देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने की शपथ के साथ हुई। इसके बाद वरिष्ठ व्याख्याता शिव प्रताप चौहान ने सरदार पटेल के जीवन, संघर्ष और 500 से अधिक रियासतों के विलय के जरिए अखंड भारत के निर्माण में उनके योगदान की जानकारी दी। विद्यालय के प्राचार्य ने भी विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय एकता दिवस के महत्व और आपसी सौहार्द बनाए रखने की आवश्यकता पर जोर दिया।

कार्यक्रम के अंत में एनसीसी कैडेटों ने जागरूकता रैली निकाली। हाथों में तख्तियां लेकर कैडेटों ने “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” और “एकता की पहचान, सरदार वल्लभभाई का योगदान” जैसे नारों के माध्यम से लोगों को एकजुटता का संदेश दिया। इस दौरान 1 सीजी गर्ल्स बटालियन के सूबेदार अजय राणा, नायब सूबेदार विनोद कुमार, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं और कर्मचारी मौजूद रहे।