कांग्रेस का लक्ष्य सत्ता पाना नहीं, देश में अराजकता उत्पन्न करना है : डॉ. सुधांशु त्रिवेदी

Follow Us
  • कांग्रेस वैधानिक प्रक्रिया पर भ्रामक प्रचार कर देश में अराजकता फैलाना चाहती है – डॉ. सुधांशु त्रिवेदी

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं राज्यसभा सांसद डॉ. सुधांशु त्रिवेदी ने कांग्रेस के चुनाव आयोग पर लगाए जा रहे आरोपों पर कड़ा प्रहार किया है। भारतीय जनता पार्टी के “लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ” अभियान के तहत शुक्रवार दोपहर राजधानी पहुँचे भाजपा सांसद व राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. त्रिवेदी भाजपा प्रदेश कार्यालय में आहूत महती पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे।

भाजपा राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. त्रिवेदी ने कहा कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश है। आज दुनिया में 34-35 प्रतिशत जनता ही पूर्ण रूप से लोकतंत्र से जुड़ी हुई है जिसका 17% भारत है। भारत को दुनिया के लोकतंत्र का सबसे बड़ा आधार स्तंभ बताते हुए डॉ. त्रिवेदी ने वैश्विक परिदृश्य की विस्तार से चर्चा की और कहा कि एक ओर जहाँ विश्व के अनेक देश गंभीर आर्थिक, राजनीतिक और सामाजिक संकटों से जूझ रहे हैं, वहीं भारत विश्व पटल पर अपनी प्रभावी उपस्थिति दर्ज कर रहा है।

डॉ. त्रिवेदी ने कहा कि भारत की यह मजबूती और आर्थिक प्रगति विश्व की बहुत-सी शक्तियों को रास नहीं आ रही है। भारत के अंदर और बाहर सक्रिय यह शक्तियाँ अनेक तरह के प्रपंच और षड्यंत्र रच रही हैं। वर्तमान राजनीतिक परिप्रेक्ष्य की चर्चा करते हुए डॉ. त्रिवेदी ने कांग्रेस और उसके नेता राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा। डॉ. त्रिवेदी ने कहा कि चुनाव की प्रक्रिया में मतदाता सूची सबसे पहले जिला अध्यक्ष को दी जाती है। अगर कांग्रेस पार्टी कहती है कि वहाँ भी उन्होंने कोई आपत्ति दर्ज नहीं कराई, तो क्या वह अपने ही जिला अध्यक्षों को नाकारा बता रही है? उसके बाद सूची राज्य चुनाव आयोग के पास जाती है, वहाँ भी आपत्ति दर्ज करने का प्रावधान है।

यदि वहाँ भी आपत्ति नहीं की, तो क्या कांग्रेस अपनी प्रदेश इकाई को भी नाकारा बता रही है? इसके बाद यह सूची केंद्रीय चुनाव आयोग के पास जाती है, वहाँ भी आपत्ति दर्ज की जा सकती है। डॉ. त्रिवेदी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी जो सवाल उठा रही है, वह सवाल दरअसल उनके बूथ लेवल एजेंट (बीएलए), जिला अध्यक्ष और प्रदेश इकाई से पूछा जाना चाहिए।

भाजपा राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. त्रिवेदी ने कहा कि दूसरा प्रश्न यह भी उठता है कि कांग्रेस कहती थी कि 45 दिन की लिमिट है, उसके बाद सीसीटीवी फुटेज नहीं मिलता। अभी हाल ही में कई राज्यों में विधानसभा उपचुनाव और लोकसभा के उपचुनाव हुए हैं, जिनके परिणाम आए 10-15 दिन ही हुए हैं। 45 दिन की सीमा अभी बाकी है। कांग्रेस बताए कि वह फुटेज मांगेगी या नहीं? या फिर, 45 दिन गुजर जाने के बाद सिर्फ हल्ला मचाने के लिए बैठी रहेगी? डॉ. त्रिवेदी ने कहा कि यह बात बहुत स्पष्ट है कि जो भी प्रक्रिया वैधानिक रूप से होती है, उसके ऊपर भ्रामक प्रचार करके कांग्रेस पार्टी देश में अराजकता उत्पन्न करना चाहती है।

“सत्ता में आने पर लूट, समाज में फूट और भारत की धर्म-संस्कृति से घृणा ही कांग्रेस का उद्देश्य”

भाजपा राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं राज्यसभा सांसद डॉ. त्रिवेदी ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कांग्रेस का असली उद्देश्य स्पष्ट कर दिया है। सत्ता में आने पर लूट, समाज में फूट और भारत की धर्म-संस्कृति से घृणा – यही कांग्रेस के लोगों के हृदय में भरा हुआ है। डॉ. त्रिवेदी ने कहा कि पिछले 10-12 वर्षों में भारत की ऐसी कौन-सी व्यवस्था है, जिस पर कांग्रेस ने भ्रम पैदा करने का प्रयास न किया हो? कांग्रेस ने राफेल को लेकर भारत सरकार के बारे में दुष्प्रचार किया, जो पूरी तरह गलत साबित हुआ।

भारतीय सेना पर भ्रम पैदा करने का प्रयास किया, सर्जिकल स्ट्राइक पर सवाल उठाया, वायुसेना पर बालाकोट को लेकर सवाल उठाया और ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारत की तीनों सेनाओं पर सवाल उठाया। भारत की अर्थव्यवस्था के बारे में भी इन्होंने भ्रम फैलाने की कोशिश की। याद कीजिए, कांग्रेस नेतृत्व ने कहा था कि एलआईसी बर्बाद हो गई, जबकि आज एलआईसी ऑल टाइम हाई प्रॉफिट में है। कांग्रेस ने कहा था कि स्टेट बैंक ऑफ इंडिया बर्बाद हो गया, जबकि आज एसबीआई 2017-18 के बाद प्राइवेट और सरकारी बैंकों में मिलाकर ऑल टाइम हाई प्रॉफिट में है। कांग्रेस ने कहा था कि हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड को सरकार ने बर्बाद कर दिया, जबकि आज एचएएल के पास एक लाख करोड़ रुपये के ऑर्डर हैं, जो उसका ऑल टाइम हाई है।