पुराना गंज रामलीला मैदान में कुम्हारों को दीया और पूजन सामग्री के लिए निःशुल्क आवंटन; अन्य स्थानों पर पटाखा बेचने पर होगी सख्त कार्रवाई
भाटापारा। आगामी त्योहारों के मद्देनज़र सुरक्षा, सुव्यवस्था और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आज नगर पालिका परिषद, भाटापारा द्वारा लोकोत्सव मैदान में अस्थाई पटाखा दुकानों हेतु खुली नीलामी की प्रक्रिया सफलतापूर्वक संपन्न की गई। यह संपूर्ण आयोजन नगर पालिका अध्यक्ष अश्वनी शर्मा, उपाध्यक्ष दिलीप छाबड़िया तथा सभापति मनीष मिश्रा के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित आयोजन
पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित माहौल में आयोजित इस नीलामी में कुल 35 अस्थाई पटाखा दुकानों का आवंटन किया गया, जिससे नगर पालिका परिषद को ₹4.21 लाख से अधिक की राजस्व राशि प्राप्त होना है । नीलामी प्रक्रिया को सुचारू, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संचालित करने के लिए नगर पालिका प्रशासन के अधिकारी एवं कर्मचारी पूरे समय उपस्थित रहे।
इस अवसर पर मुख्य रूप से मुख्य नगर पालिका अधिकारी शिवकुमार यादव, उप अभियंता विनोद यादव, राजस्व प्रभारी देवकुमार बंजारे, कॉम्प्लेक्स प्रभारी गंजहंस ठाकुर, और प्रभारी सहायक राजस्व निरीक्षक विकास वैष्णव उपस्थित रहे। इस कार्यक्रम में शहर के पटाखा व्यापारियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया और उत्साहपूर्वक बोली में हिस्सा लिया।
व्यापक सुरक्षा एवं बुनियादी व्यवस्थाएँ
नगर पालिका प्रशासन द्वारा आमजनों एवं व्यापारियों की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए लोकोत्सव मैदान में निम्नलिखित अभूतपूर्व व्यवस्थाएँ की जा रही हैं।
सुरक्षा बाउंड्री वॉल एवं सीसीटीवी: मैदान के चारों ओर अस्थाई बाउंड्री वॉल का निर्माण कराया जा रहा है तथा पूरे परिसर की निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे।
आपातकालीन सुरक्षा: किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए मौके पर अग्निशमन वाहन (फायर ब्रिगेड) तथा पुलिस सुरक्षा बल की तैनाती की व्यवस्था की जाएगी।
सुगम यातायात व पार्किंग: खरीदारों एवं व्यापारियों के लिए पर्याप्त एवं सुव्यवस्थित पार्किंग स्थल तैयार किया जाएगा।
BREAKING: रायपुर पुलिस कमिश्नरेट में तबादले, 29 पुलिसकर्मियों की नई पदस्थापना
कुम्हार भाइईयों के लिए निःशुल्क व्यवस्था
त्योहारों के दौरान पारंपरिक दीया और पूजन सामग्री बेचने वाले स्थानीय कुम्हारों का विशेष ध्यान रखते हुए, नगर पालिका परिषद द्वारा पुराना गंज रामलीला मैदान में उन्हें दीया व पूजन सामग्री विक्रय करने के लिए निःशुल्क स्थान का आवंटन किया गया है, ताकि वे बिना किसी शुल्क के आसानी से अपनी सामग्री बेच सकें।
सुरक्षा नियमों के पालन एवं अवैध बिक्री पर सख्त निर्देश
मुख्य नगर पालिका अधिकारी शिवकुमार यादव ने व्यापारियों को संबोधित करते हुए स्पष्ट किया कि सभी पटाखा दुकानदारों को शासन एवं प्रशासन द्वारा जारी अग्नि सुरक्षा नियमों एवं दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करना अनिवार्य होगा। “नगर वासियों की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। लोकोत्सव मैदान में पर्याप्त स्थान, सीसीटीवी निगरानी, फायर ब्रिगेड व पुलिस बल सहित सभी आवश्यक सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए ही अस्थाई दुकानों का आबंटन किया गया है।”
शिवकुमार यादव, मुख्य नगर पालिका अधिकारी
विशेष अपील एवं चेतावनी
नगर पालिका प्रशासन द्वारा समस्त पटाखा व्यापारियों से अपील की गई है कि वे केवल नगर पालिका द्वारा निर्धारित स्थल (लोकोत्सव मैदान) पर ही पटाखों का विक्रय करें। निर्धारित स्थल के अलावा अन्य किसी भी अन्य स्थान पर पटाखा विक्रय करते पाए जाने पर पटाखा जप्ती, भारी जुर्माना एवं लाइसेंस रद्द करने की कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
