जांजगीर-चांपा । मवेशियों की तस्करी के मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों को पामगढ़ पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। इस मामले में पुलिस पूर्व में एक आरोपी को गिरफ्तार कर चुकी है। कार्रवाई के दौरान पहले 7 भैंसी और 12 भैंस सहित कुल 19 मवेशी जब्त किए गए थे, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 2.50 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 6 अक्टूबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम बोरसी निवासी रामसागर महिलांगे उर्फ ढुलू (55) अपने साथियों के साथ मवेशियों को मारते-पीटते और बिना चारा-पानी के हांकते हुए ग्राम डोंगाकोहरौद की ओर ले जा रहा है। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पामगढ़ पुलिस ने रामसागर को पकड़ लिया था। पूछताछ में उसकी संलिप्तता सामने आने के बाद उसे छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम, 2004 की धारा 4, 6 और 10 के तहत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया था।
मामले में सरोज कुमार यादव (54), निवासी कोसा, और तुम्मन यादव (21), निवासी बोरसी, घटना के बाद से फरार थे। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने दोनों को पकड़ा। पूछताछ में अपराध स्वीकार करने के बाद उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश सूर्यवंशी, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक कविता टंडन, सहायक उपनिरीक्षक कृष्ण कुमार कोशले, प्रधान आरक्षक राजेश कोशले तथा आरक्षक भुनेश्वर पटेल और सीताराम सूर्यवंशी का योगदान रहा।
