रायपुर। छत्तीसगढ़ में चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के संभावित प्रभाव को देखते हुए मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है। पूर्वी मध्य और उससे लगे पश्चिमी मध्य बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवात के कारण 28 और 29 अक्टूबर को प्रदेश के कुछ हिस्सों में भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम की स्थिति को देखते हुए 23 जिलों में येलो और पांच जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने भी जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
रेलवे प्रशासन यात्रियों तक मौसम और ट्रेन परिचालन से जुड़ी जानकारी पहुंचाने के लिए स्टेशनों पर उद्घोषणा प्रणाली, सूचना एवं डिस्प्ले बोर्ड, डिजिटल स्क्रीन और आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का उपयोग कर रहा है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि सफर शुरू करने से पहले अपनी ट्रेन की ताजा स्थिति की जानकारी जरूर लें और संभावित खराब मौसम व सड़क यातायात में देरी को ध्यान में रखते हुए पर्याप्त समय लेकर स्टेशन पहुंचें।
रेलवे ने यात्रियों से स्टेशनों पर होने वाली घोषणाओं और अधिकारियों-कर्मचारियों के निर्देशों का पालन करने, रेलवे ट्रैक से दूर रहने तथा केवल निर्धारित यात्री क्षेत्रों में रहने की अपील की है। बारिश के कारण प्लेटफॉर्म, फुट ओवरब्रिज और सीढ़ियों पर फिसलन हो सकती है, इसलिए वहां विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है। यात्रियों को मोबाइल फोन चार्ज रखने के साथ जरूरी दवाइयां, पीने का पानी और आपातकालीन संपर्क संबंधी जानकारी अपने पास रखने की सलाह भी दी गई है। ट्रेन रद्द होने, मार्ग परिवर्तन या परिचालन से जुड़ी जानकारी के लिए रेलवे के आधिकारिक माध्यमों पर ही भरोसा करने को कहा गया है।
रेलवे के अनुसार, मौसम में बदलाव और बुनियादी ढांचे पर संभावित खतरे को देखते हुए हवा की गति और जलस्तर की हर घंटे निगरानी की जा रही है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान सतर्क रहें और जारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए अपनी यात्रा सुरक्षित बनाएं।
